गोरखपुर: सड़क हादसे में शिक्षक की मौत, नहीं लगाया था हेलमेट
अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में बाइक आने से हादसा, छोटे भाई की भी दस महीने पहले सड़क हादसे में हुई थी मौत।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में बिना हेलमेट बाइक चला रहे शिक्षक अजय सिंह (30) की शनिवार की दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई। पत्नी को लेने जा रहे अजय पिपराइच थाना क्षेत्र के चिऊटहा गांव के सामने बरगदही-पिपराइच रोड पर भूसी लदी अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर की चपेट में आ गए थे। 12 माह पहले ही उनकी शादी हुई थी। परिवार में एक छोटा बच्चा भी है। दस माह पहले अजय के छोटे भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
जानकारी के मुताबिक गुलरिहा थाना क्षेत्र के रसूलपुर झुगियां निवासी अजय सिंह शनिवार दोपहर में बाइक से तरकुलही गांव जा रहे थे। तरकुलही में रिश्तेदारी है। पत्नी चन्दा पिछले 22 नवंबर से ही तरकुलही में थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चिऊटहा के सामने पिपराइच की तरफ से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने सामने से ही बाइक सवार अजय को टक्कर मार दी। ट्राली पर ज्यादा भूसी लदी थी। टक्कर के बाद अजय की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। उनके जेब से मिले पहचान पत्र से उनकी शिनाख्त रसूलपुर झुगियां गांव के अजय के रूप में हो सकी। इसके बाद मृतक के पिता व बिल्डिंग मैटेरियल का काम करने वाले श्रीकांत को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पिता गश खाकर गिर पड़े। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद चालक मौके पर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
परिवार टूटा, छोटे बेटे की भी हादसे में हुई थी मौत
अजय की मौत से श्रीकांत सिंह टूट गए हैं। दस महीने पहले ही उनके छोटे बेटे विनय कुमार सिंह की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। यह हादसा मीरापुर गांव के पास हुआ था। अब बड़े बेटे अजय सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इससे पूरा परिवार बिखर गया है। श्रीकांत के दो ही बेटे थे।
बाइक-टेंपो की भिड़ंत में चार घायल, एक गंभीर
झंगहा थाना क्षेत्र के नई बाजार-चौरीचौरा मार्ग पर परसिया के पास शनिवार की सुबह टेंपो व बाइक में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक सवार बरबसहा निवासी प्रमोद (18), अंकुश (19) घायल हो गए। टेंपो सवार जमरू गांव की सेवाती देवी व पुरनहा की तारा देवी को भी चोट आई है। तारा देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीएचसी ब्रम्हपुर पर प्राथमिक उपचार के बाद तारा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। तीन अन्य घायलों के हाथ-पैर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को घर जाने दिया गया।