खुशखबर: सरकारी नौकरी से खाली नहीं रहेगी इन खिलाड़ियों की झोली, इस विभाग की मिली मंजूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मलखंभ, रस्साकशी जैसी प्रतिस्पर्द्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की झोली अब सरकारी नौकरी से खाली नहीं रहेगी। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने 20 नए खेलों को स्पोर्ट्स कोटे की नौकरी की सूची में शामिल कर लिया है। इस कोटे में नौकरी के लिए अर्ह खेलों की संख्या अब बढ़कर 63 हो गई है।
अभी तक इन खेलों से जुड़े खिलाड़ियों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बावजूद आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ता था। भविष्य की चिंता में खिलाड़ी इन खेलों से दूर होते जा रहे थे। इसका संज्ञान लेते हुए खेल विभाग ने स्पोर्ट्स कोटे में नौकरी वाले खेलों की संख्या बढ़ाने की गुहार लगाई थी। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने अब इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।
सात वर्ष पहले हुआ था बदलाव
केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में जिन खेलों के नाम दर्ज हैं, उन्हें स्पोर्ट्स कोटे की नियुक्तियों में विशेष आरक्षण का लाभ मिलता है। वर्ष 2013 में भी स्पोर्ट्स कोटे से नौकरी की सूची में बदलाव हुआ था। अब 2020 में बदलाव हुआ है।
इन 20 नए खेलों को सूची में जगह
मलखंभ, रस्साकशी, बॉडी बिल्डिंग, साइकिलिंग, पोलो, डेफ स्पोर्ट्स, फेंसिंग, कुडो, मोटर स्पोर्ट्स, नेट बॉल, पैरा स्पोर्ट्स, पेनकेक सिलैट, रोल बॉल, रग्बी, सेपट टेकरा, सॉफ्ट टेनिस, शूटिंग बॉल, टेनपिंग बॉलिंग, ट्राइथ्लोन और वुशु।
इन खेलों को पहले से जगह मिली थी
तीरंदाजी, एथलेटिक्स, अटया पटया, बैडमिंटन, बॉल बैडमिंटन, बेसबॉल, बॉस्केटबाल, बिलियर्ड और स्नूर्क्स, बॉिक्सिंग, ब्रिज, कैरम, चेस, क्रिकेट, साइकिलिंग, इक्वेस्टेरियन, फुटबॉल, गोल्फ, जिमनास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, आईस हॉकी, आईस स्केटिंग, आईस स्कीईंग,जुडो, कबड्डी, कराटे, क्याकिंग और कैनोईंग, खो खो, पोलो, शूटिंग, रोलर स्केटिंग, रोईंग, सॉफ्ट बॉल, स्क्वैश, स्वीमिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, टेनी कोट, टेनिस, वॉलीबाल, वेट लिफ्टिंग, रेसलिंग, याचिंग।
रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी एके पांडेय ने बताया कि शासन ने स्पोर्ट्स कोटे में नौकरी वाले खेलों की नई सूची तैयार की है। इस बार देशी खेलों को भी बढ़ावा दिया गया है। 20 नए खेलों को इस सूची में शामिल किया गया है। अब इन खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नौकरी की तलाश में दर-दर भटकना नहीं पड़ेगा।