स्पोर्ट्स कॉलेज: छठवीं कक्षा में प्रवेश को आवेदन छह जनवरी से, जानिए क्या है नियम
कोरोना महामारी की वजह से दो साल बाद प्रवेश का कार्यक्रम हुआ जारी, अभ्यर्थी की आयु एक अप्रैल 2022 को 9 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सूबे के तीनों स्पोर्ट्स कॉलेजों की कक्षा छह में सत्र 2022-23 में प्रवेश के लिए कार्यक्रम खेल विभाग की ओर से जारी कर दिया गया है। छह जनवरी से प्रवेश फार्म वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज और रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम से हासिल किया जा सकता है।
कोरोना महामारी की वजह से दो साल से स्पोर्ट्स कॉलेजों में कोई प्रवेश नहीं हुआ है। खेल विभाग की ओर से प्रदेश में गुरू गोबिंद सिह स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ, वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर और सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज का संचालन किया जाता है। कोरोना के चलते सत्र 2019-20 और 2020-21 में तीनों स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश सत्र शून्य घोषित कर दिए गए थे। दो साल बाद प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से अभ्यर्थियों में खुशी की लहर है।
स्पोर्ट्स कॉलेज में आवेदन के लिए अभ्यर्थी 2021-22 में कक्षा पांच में अध्ययनरत/उत्तीर्ण होना चाहिए। अभ्यर्थी की आयु एक अप्रैल 2022 को 9 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए। यदि कोई अभ्यर्थी सत्र 2020-21 में कक्षा पांच उत्तीर्ण कर चुका है और सत्र 2021-22 में कहीं शिक्षा प्राप्त नहीं कर रहा है, तो उसके अभिभावक 10 रुपये के स्टांप पेपर पर शपथ पत्र देकर आवेदन करा सकते हैं।
19 को लिखित परीक्षा, 20 जनवरी को ट्रायल
वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य आरपी सिंह ने बताया कि प्रवेश के लिए आवेदन पत्र छह जनवरी से सभी मंडल मुख्यालयों पर स्थित स्टेडियम कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। चयन प्रक्रिया 17 जनवरी से शुरू होकर 9 फरवरी तक चलेगी। क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी आले हैदर ने बताया कि गोरखपुर में वॉलीबाल एवं बैडमिंटन (बालक/बालिका), क्रिकेट, फुटबॉल (केवल बालक), जूडो (केवल बालिका) खेल की 19 जनवरी को लिखित परीक्षा और 20 जनवरी को ट्रायल रीजनल स्टेडियम में होंगे। एथलेटिक्स कबड्डी, तैराकी (केवल बालक), हॉकी, जिम्नास्टिक, कुश्ती (बालक/बालिका) की लिखित परीक्षा 21 फरवरी और 22 फरवरी को ट्रायल वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में होंगे।