UP Election 2022: ग्रामीण से सपा के विजय बहादुर व पिपराइच से अमरेंद्र निषाद ने दाखिल किया नामांकन
कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र से निर्दल प्रत्याशी रामपाल, पिपराइच से सपा प्रत्याशी अमरेंद्र निषाद, आप प्रत्याशी धीरेंद्र ने नामांकन किया। खजनी से कांग्रेस की प्रत्याशी रजनी, सहजनवां से निर्दल प्रत्याशी राकेश शुक्ला, शिव सेना से प्रह्लाद सिंह ने पर्चा भरा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नामांकन के चौथे दिन मंगलवार को ग्रामीण विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार विजय बहादुर यादव, पिपराइच से अमरेंद्र निषाद, शहर सीट से बसपा के ख्वाजा शमसुद्दीन और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से चंद्रशेखर सहित 18 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। खजनी विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रजनी और शहर विधानसभा सीट से आप प्रत्याशी विजय कुमार श्रीवास्तव ने भी पर्चा दाखिल किया है।
चार फरवरी से शुरू हुए नामांकन में मंगलवार को सबसे अधिक प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। सुबह 11 बजे से ही नामांकन का सिलसिला शुरू हुआ तो समाप्त होने तक प्रत्याशियों की कतार लगी रही। गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी विजय कुमार श्रीवास्तव, बसपा प्रत्याशी ख्वाजा शमसुद्दीन, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से चंद्रशेखर, निर्दल प्रत्याशी सूरज कुमार यादव, राकेश कुमार निषाद ने नामांकन किया। गोरखपुर ग्रामीण सीट से सपा प्रत्याशी विजय बहादुर यादव, आप से वैभव शाही, राष्ट्रवादी पार्टी आफ इंडिया से प्रमोद, एआइएमआइएम से मुहम्मद इस्लाम, भारतीय अपना समाज पार्टी से पूनम सिंह, पीस पार्टी से हिफजुर्रहमान उर्फ अमजद अंसारी ने पर्चा दाखिल किया।
इसी तरह कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र से निर्दल प्रत्याशी रामपाल, पिपराइच से सपा प्रत्याशी अमरेंद्र निषाद, आप प्रत्याशी धीरेंद्र ने नामांकन किया। खजनी से कांग्रेस की प्रत्याशी रजनी, सहजनवां से निर्दल प्रत्याशी राकेश शुक्ला, शिव सेना से प्रह्लाद सिंह ने पर्चा भरा। चिल्लूपार विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक विकास पार्टी से सुभाष चंद्र दुबे ने नामांकन किया। मंगलवार को कुल 32 पर्चे लिए गए।
कलेक्ट्रेट के पास रोके गए सभी के समर्थक
शहर विधानसभा सीट से सहारनपुर के आजाद समाज पार्टी से चंद्रशेखर के नामांकन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कलेक्ट्रेट के भीतर और बाहर दोनों तरफ बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई थी। नामांकन के दौरान मंगलवार को तकरीबन सभी प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट के पास तक पहुंचे लेकिन उन्हें कचहरी चौराहे पर रोक दिया गया। वहां से प्रत्याशी व उनके प्रस्तावकों को ही अंदर जाने दिया गया। पुलिस कार्यालय की छत पर भी पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे।
चंद्रशेखर पर नौ जिलों में हत्या के प्रयास समेत 17 मुकदमे
आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से गोरखपुर शहर विधानसभा सीट के लिए मंगलवार को नामांकन करने वाले चंद्रशेखर पर सहारनपुर में आठ, गाजियाबाद, सेंट्रल दिल्ली, साउथ ईस्ट, हाथरस, अलीगढ़, आजमगढ़ और लखनऊ में एक तथा मुजफ्फरनगर में दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के चार-चार मुकदमे और आपराधिक साजिश के दो मुकदमे शामिल हैं।
इसके अलावा बलवा, मारपीट, घर में घुसकर धमकी देने और कोरोना महामारी एक्ट में भी चंद्रशेखर पर केस दर्ज हैं। उनके, उनकी पत्नी व कुटुंब के नाम कुल 44.14 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति है। इनमें 26.14 लाख रुपये की चल और 17 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। सहारनपुर के रहने वाले चंद्रशेखर ने वर्ष 2012 में हेमवतीनंदन बहुगुणा, गढ़वाल विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की है।
करोड़पति हैं सपा के अमरेंद्र, सात मुकदमे भी हैं दर्ज
पिपराइच विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अमरेंद्र निषाद करोड़पति हैं। उनके व उनकी पत्नी के पास कुल 1.95 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। उनके पास एक रिवॉल्वर और एक राइफल है। उनपर पिपराइच, गुलरिहा और चिलुआताल थाने में बलवा, मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालना और सड़क जाम करने समेत विभिन्न आरोपों में सात मुकदमे दर्ज हैं।
मंगलवार को नामांकन पत्र के साथ दिए गए अमरेंद्र के शपथ पत्र के मुताबिक उनके व उनकी पत्नी के पास 29.17 लाख रुपये की चल और 1.66 करोड़ की अचल संपत्ति है। उनपर 85 हजार रुपये का कर्ज भी है। उनके नाम एक ट्रैक्टर और 4.50 लाख रुपये के सोने के आभूषण हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास करीब सवा दो लाख रुपये के आभूषण हैं। 32 वर्षीय अमरेंद्र ने सैम हिग्गिबॉटम कृषि प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विश्वविद्यालय प्रयागराज से वर्ष 2018 में परास्नातक की डिग्री हासिल की है।
लखपति हैं बसपा के ख्वाजा शमसुद्दीन
गोरखपुर। शहर विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी ख्वाजा शमसुद्दीन व उनकी पत्नी के पास कुल 57.62 लाख रुपये की संपत्ति है। 43 वर्षीय शमसुद्दीन व पत्नी के पास 11.47 लाख की चल और 46.15 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। उनपर कोई आपराधिक मुकदमा नहीं दर्ज है। उनके पास 82 हजार रुपये कीमत का एक दो पहिया वाहन है। उनपर इस वाहन का 38 हजार रुपये का लोन भी है। ब्यूरो
कांग्रेस की रजनी के पास 42.41 लाख की संपत्ति
खजनी विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रजनी व उनके पति के पास कुल 42.41 लाख रुपये की संपत्ति है। इसमें 16.41 लाख की चल और 26 लाख की अचल संपत्ति शामिल है। 40 वर्षीय रजनी साक्षर हैं और उनपर एक चार पहिया वाहन का 6.18 लाख रुपये का लोन भी है।
योगी के लिए एक और प्रस्तावक ने दाखिल किया नामांकन पत्र
गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए मंगलवार को प्रस्तावक इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ मंगलेश श्रीवास्तव ने एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने चार फरवरी को नामांकन पत्र दाखिल किया था। कुल चार सेट में नामांकन पत्र दाखिल होने हैं। तीन सेट जमा हो चुके हैं। बुधवार को एक और नामांकन पत्र दाखिल हो सकता है।