बिना किसी कागज के बैंक से मिलेगा 50 हजार रुपये का लोन, ऐसे उठाएं SBI की इस योजना का लाभ
यदि कोरोना संकट में आपकी नौकरी चली गई है। या फिर आप कोई छोटा-मोटा स्व-रोजगार करना चाहते हैं तो बिना बैंक जाए ही ऑनलाइन आवेदन देकर आप भारतीय स्टेट बैंक से 50 हजार तक का लोन ले सकते हैं।
बता दें कि जिन लोगों के पास स्टेट बैंक में सेविंग अकाउंट या करंट अकाउंट है तो वे SBI से 50 हजार रुपए तक का ई-मुद्रा लोन ले सकते हैं। ई-मुद्रा लोन की सबसे अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको बैंक की शाखा में जाने की जरूरत नहीं है। इसके लिए आप घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। स्टेट बैंक अपने ग्राहकों को बिना किसी डॉक्यूमेंट के 50 हजार रुपये तक का ई-मुद्रा लोन दे रहा है।
बैंक में छह महीने पुराना बचत या चालू खाता होना जरूरी
ई-मुद्रा लोन सिर्फ लघु उद्यमियों को दिया जाता है। इसके लिए आपके पास कम से कम एसबीआई बैंक में छह महीने पुराना चालू या बचत खाता होना जरूरी है। ई-मुद्रा लोन की अधिकतम अवधि पांच वर्ष होती है। लेकिन अगर आप 50 हजार रुपए से ज्यादा का लोन लेना चाहते हैं तो इसके लिए आप को बैंक की शाखा में जाना होगा और जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी। इसके लिए आपको डॉक्यूमेंट्स भी देने होंगे और बिजनेस का डिटेल भी देना होगा।
ई-मुद्रा लोन के तहत छोटे व्यापारी एक लाख रुपए तक का लोन ले सकते हैं। लेकिन इसके लिए कुछ डॉक्यूमेंट्स की जरूरत होगी।
लगेंगे ये डॉक्यूमेंट
50 हजार रुपए से अधिक का ई-मुद्रा लोन लेने के लिए आवेदन करने के लिए आपको अपना सेविंग अकाउंट या करंट अकाउंट नंबर और ब्रांच की डिटेल उपलब्ध करानी होगी। इसके अलावा आप जो भी व्यवसाय या कारोबार करते हैं, उसका प्रमाण-पत्र भी देना जरूरी होगा। आपके बैंक अकाउंट के साथ आधार नंबर लिंक्ड होना चाहिए। इसके अलावा जीएसटीएन नंबर और दुकान या व्यवसाय के प्रमाण के साथ बिजनेस रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट भी बैंक को दिखाने होंगे। इसके अलावा अगर आप आरक्षित श्रेणी से आते हैं तो जाति प्रमाण पत्र भी देना होगा।
भारतीय स्टेट बैंक के डीजीएम पीसी बरोड ने बताया कि मुद्रा लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया जा सकता है। इसमें किसी डॉक्यूमेंट के देने की जरूरत नहीं होती है। हालांकि इसके लिए जरूरी होता है कि आपका खाता केवाईसी हो। आवेदन के बाद बैंक नियमानुसार चेक करेगा उसके बाद ऑनलाइन ही लोन की स्वीकृति दे दी जाती है।