गोरखपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस चलाने की तैयारी, जल्द मिल सकती है रेलवे बोर्ड से हरी झंडी
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस को चलाने की तैयारी तेज कर दी है। इस सप्ताह रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलने की उम्मीद है। इस ट्रेन के चलने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
गोरखपुर जंक्शन से बनकर विभिन्न शहरों के लिए कुल 12 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रहीं हैं। इनमें सात ट्रेनें मुंबई, दो ट्रेनें दिल्ली, एक अहमदाबाद, एक प्रयागराज-कानपुर अनवरगंज के लिए चल रही है। बंगलुरु के लिए गोरखपुर-यशवंतपुर भी चलने लगी है। मुंबई की ट्रेनें बढ़ने से लोगों ने राहत महसूस की है। लेकिन गोरखपुर-यशवंतपुर ट्रेन में वेटिंग टिकट के लिए मारामारी ज्यादा है। हैदराबाद रूट पर जाने वाले यात्री भी परेशान हैं।
बाघ, देहरादून, पूर्वांचल भी चल सकती है
गोरखपुर से कोलकाता के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेस, देहरादून के लिए राप्तीगंगा एक्सप्रेस और हावड़ा-काठगोदाम रूट पर बाघ एक्सप्रेस को चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। जल्द ही इन ट्रेनों के भी चलने की उम्मीद है।
धर्मावरम और गुड्डूर में भी रुकेगी यशवंतपुर स्पेशल
(02591-02592) गोरखपुर-यशवंतपुर स्पेशल एक्सप्रेस अब आंध्रप्रदेश में पड़ने वाले महत्वपूर्ण जंक्शन धर्मावरम और गुड्डूर में भी रुकेगी। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि एक अक्तूबर से निर्धारित स्टेशनों पर इस ट्रेन का ठहराव शुरू हो जाएगा।
स्वच्छता पखवारे में रेलवे कालोनियों की हुई सफाई
स्वच्छता पखवारा के तहत मंगलवार को पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर सहित लखनऊ, वाराणसी और इज्जतनगर मंडल में सफाई अभियान चलाया गया। लखनऊ मंडल के बस्ती, खलीलाबाद, गोंडा, बादशाहनगर और ऐशबाग स्थित रेलवे कालोनियों की सफाई कराई गई।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि 30 सितंबर तक स्वच्छता पखवारा चलेगा। उन्होंने बताया कि एक अक्तूबर को पूर्वोत्तर रेलवे में चलाए गए अभियान की समीक्षा की जाएगी।