डबल मर्डर के आरोपितों के गिरफ्तारी न होने पर ग्रामीणों ने किया था पुलिस पर हमला, 150 लोगों पर केस, छह गिरफ्तार
- खोराबार इंस्पेक्टर और एक बस के चालक ने दर्ज कराया मुकदमा
- डबल मर्डर के आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन के दौरान हुआ था बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के झंगहा इलाके में चचेरे भाइयों दिवाकर और कृष्णा की हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर हमला किए जाने के मामले में कार्रवाई शुरू हो गई है। खोराबार इंस्पेक्टर सुनील राय और एक बस चालक की तहरीर पर दो अलग-अलग केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने 150 ग्रामीणों पर सरकारी काम में बाधा, मारपीट, सार्वजनिक संपत्ति निवारण सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर 6 नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपितों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रामनगर कड़जहा में बुधवार को ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। इस दौरान समझाने गई पुलिस टीम पर भीड़ हमलावर हो गई थी। पथराव में सीओ कैंट और इंस्पेक्टर की गाड़ी तोड़ दी गई तो रोडवेज की चार बसें, दो प्राइवेट कार भी क्षतिग्रस्त हो गई थीं।
पुलिसवालों को भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। खोराबार इंस्पेक्टर सुनील कुमार राय के अलावा आजमगढ़ कोतवाली के हाफिजनगर निवासी बस चालक योगेंद्र चौहान की तहरीर पर 150 ग्रामीणों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पथराव में खोराबार थाने के दो पुलिसकर्मी मुकेश सिंह एवं बुद्दन गुप्त को चोट लगने की बात कही गई है। इसके अलावा बस चालक योगेंद्र चौहान ने भी पथराव में घायल होने के साथ ही बस भी क्षतिग्रस्त करने की शिकायत की है।
पुलिस ने केस दर्ज करते हुए नामजद आरोपी ओमप्रकाश, दिनेश निषाद, भगत निषाद निवासी रामनगर कड़जहां थाना खोराबार, अर्जुन कुमार यादव निवासी बिलारी थाना चौरीचौरा, गोविंद निषाद निवासी रजही आमबाग खोराबार तथा धर्मेंद्र मौर्या निवासी जंगल रामगढ़ चंवरी थाना खोराबार को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर सुनील कुमार राय ने बताया कि केस दर्ज कर नामजद आरोपितों को जेल भेजा गया है।