फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Gorakhpur News ›   PM Modi targets Samajwadi Party in Kushinagar

पीएम मोदी ने सपा पर साधा निशाना: बोले- यूपी में माफी मांगते फिर रहे माफिया, माफियावादियों को हो रहा कष्ट

Wed, 20 Oct 2021 03:08 PM IST
vivek shukla संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर।
संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर। Published by: vivek shukla Updated Wed, 20 Oct 2021 03:08 PM IST
सार

पीएम मोदी ने कुशीनगर में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि । आज योगी जी के नेतृत्व में यहां माफिया माफी मांगता फिर रहा है और सबसे ज्यादा दर्द भी माफियावादियों को हो रहा है।

विज्ञापन
PM Modi targets Samajwadi Party in Kushinagar
पीएम मोदी व अखिलेश यादव। - फोटो : अमर उजाला।

विस्तार

‘2017 से पहले माफिया को अपराध व लूट की खुली छूट थी। योगी राज में धारणा बदल गई है, माफिया अब माफी मांगते फिर रहे हैं।’, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह कहते हुए बुधवार को समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब यूपी में कानून का राज है। इसका भी सबसे ज्यादा दर्द माफियावादियों को ही है। समाजवादी की पहचान अब परिवारवादी बन गई है। इनका सिर्फ एक मकसद अपने परिवार का भला करना है। समाज या जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है।

विज्ञापन


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भगवान बुद्ध की नगरी कुशीनगर में 345 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और 180 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण करने के बाद भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली गए। दर्शन-पूजन करके सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उद्यान विभाग के बरवा फार्म में आयोजित जनसभा में पहुंचकर मोदी चुनावी मोड में आ गए। उन्होंने सपा को निशाने पर लिया।
विज्ञापन


प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले गरीब, शोषित व वंचितों को अपने जमीन पर कब्जे का डर सताता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। जमीन कब्जाने या अपराध करने वालों से सख्ती से निपटा जाता है। इसी का नतीजा है कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे जनता पहुंच रहा है। जमीन कब्जाने वालों में भय रहता है।
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कई बार तारीफ की और कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाओं के क्रियान्वयन में यूपी नंबर-1 है। भारी जनसमूह व तालियों की गड़गड़ाहट के बीच प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, भू माफिया के मंसूबों को ध्वस्त कर रही है। इससे पहले जो सरकार थी, उसे जनता के दुख-दर्द से कोई सरोकार नहीं था। वह नहीं चाहती थी कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंचे। हर प्रोजेक्ट में यूपी में पिछड़ जाता था।

प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया कहा करते थे कि कर्म को करुणा से जोड़ो, लेकिन पहले की सरकार ने कर्म को घोटालों और अपराधों से जोड़ दिया था। समाजवादी, परिवार के हित में समाज व यूपी का हित करना भूल गए।

चार साल में तैयार करेंगे 200 से अधिक एयरपोर्ट : मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार ने उन क्षेत्रों की एयर कनेक्टिविटी पर अधिक जोर दिया है, जहां के बारे में लोगों ने सोचा तक नहीं था। सरकार की कोशिश है कि आने वाले चार साल में 200 से अधिक एयरपोर्ट, हेलीपोर्ट और सीप्लेन के लिए वाटरपोर्ट भी तैयार किए जाएं। इस दिशा में काम शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण करके तथागत भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली से अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा की शुरूआत की। पहली फ्लाइट श्रीलंका के प्रतिनिधि मंडल को लेकर आई। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के अंतर्गत 900 से अधिक हवाई रूट स्वीकृत किए गए हैं। इसमें से 350 पर हवाई सेवा शुरू हो गई है। 50 से अधिक एयरपोर्ट चालू हैं।
 
यूपी में विकास की नई उड़ान : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से यूपी में विकास की अब नई उड़ान शुरू होगी। उन्होंने कहा कि आजादी के सात दशक बाद भी यूपी में केवल दो अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे संचालित थे। केंद्र व प्रदेश की सरकार ने प्रयास कर अब नौ हवाईअड्डों को क्रियाशील बना दिया है। आठ अन्य जगहों पर कार्य चल रहा है। इस तरह कुछ दिनों में यूपी में 17 हवाईअड्डे हो जाएंगे।

यूपी ने सबसे अधिक प्रधानमंत्री

पीएम मोदी ने कहा कि नई सड़कों, नए रेल मार्गों, नए मेडिकल कॉलेजों, बिजली और पानी से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर का तेज गति से विकास हो पाता है। इसे सीएम योगी की पूरी टीम जमीन पर उतारकर दिखा रही है। यूपी के बारे में एक बात हमेशा कही जाती है कि ये एक ऐसा प्रदेश है जिसने देश को सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री दिए। ये यूपी की खूबी है, लेकिन यूपी की पहचान को केवल इस दायरे में ही नहीं देखा जा सकता। यूपी को 6-7 दशकों तक ही सीमित नहीं रखा जा सकता।

ग्रामीण इलाकों में समृद्धि का नया द्वार खोलेगी योजना
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक और योजना शुरू की है जो भविष्य में यूपी के ग्रामीण इलाकों में समृद्धि का नया द्वार खोलने वाली है। इस योजना का नाम है- पीएम स्वामित्व योजना। इसके तहत गांव के घरों की घरौनी यानि घरों का मालिकाना दस्तावेज देने का काम शुरु किया है।

युवाओं का डॉक्टर बनने का अपना सपना होगा पूरा
पीएम मोदी ने कहा कि कुशीनगर में राजकीय मेडिकल कॉलेज बनने से आपको अब इलाज के लिए एक नई सुविधा मिल गई है। बिहार के सीमावर्ती इलाकों को भी इसका लाभ मिलेगा। यहां से अनेक युवा डॉक्टर बनने का अपना सपना पूरा कर पाएंगे।

पीएम मोदी ने गरीबों का बढ़ाया हौसला
उन्होंने कहा कि जब मूल सुविधाएं मिलती हैं, तो बड़े सपनों को देखने का हौसला और सपनों को पूरा करने का जज्बा पैदा होता है। जब झुग्गी में रहने वालों को पक्का घर मिले, घर में शौचालय, बिजली, गैस का कनेक्शन हो, नल से जल आए, तो गरीब का आत्मविश्वास अनेक गुना बढ़ जाता है।

पीएम मोदी ने एयरपोर्ट का उद्घाटन कर खुशी जाहिर की
पीएम मोदी ने कहा कि दिवाली और छठ पूजा बहुत दूर नहीं है। ये उत्सव और उत्साह का समय है। आज महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती भी है, इस पावन अवसर पर कनेक्टिविटी के, स्वास्थ्य के और रोजगार के सैकड़ों करोड़ के नए प्रोजेक्ट कुशीनगर को सौंपते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है।

बौद्ध भिक्षुओं को किए सम्मानित

पीएम मोदी ने बुधवार सुबह कुशीनगर पहुंचकर इंटरनेशन एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इसके वह गौतम बुद्ध पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन और फिर निर्वाण मंदिर में दर्शन कर वहां चीवर दान किए। वहां पीएम मोदी ने भगवान बुद्ध की लेटी हुई प्रतिमा के दर्शन किए। उन्होंने भगवान बुद्ध से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने निर्वाण स्थली पर स्थित मंदिर में दर्शन किया। पीएम मोदी ने महापरिनिर्वाण मंदिर में बोधि वृक्ष का भी रोपड़ किया।

इस खास कार्यक्रम में कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहला विमान श्रीलंका के बौद्ध भिक्षुओं को लेकर पहुंचा। इसमें श्रीलंका के प्रतिनिधिमंडल में सौ बौद्ध भिक्षुओं के अलावा श्रीलंका के पांच मंत्री भी आए। इस कार्यक्रम में श्रीलंका, थाईलैंड, म्यांमार, दक्षिण कोरिया, नेपाल, भूटान और कंबोडिया के प्रख्यात भिक्षुओं के साथ-साथ विभिन्न देशों के राजदूत भी भाग लिए। पीएम मोदी ने बौद्ध भिक्षुओं का सम्मानित किए। इस दौरान उन्होंने श्रीलंका के मंत्री नमल राजपक्षे से मुलाकात की और उन्हें भगवद गीता भेंट की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed