Accident In Basti: बहराइच से मजदूर लेकर आ रही पिकअप पलटी, दो की मौत; 11 घायल
पिकअप पलटने से घायल हुए मजदूरों को सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया गया तो अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। घायलों में कुछ मजदूर काफी देर तक फर्श पर पड़े रहे। कुछ देर बाद आसपास के लोग पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गये।
विस्तार
बस्ती में फोरलेन पर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के तेलियाडीहा गांव के निकट गुरुवार सुबह मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गई। जिससे पिकअप में बैठे बहराइच जिले के 13 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया गया। घायलो में सात की हालत नाजुक होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उनमें से दो की बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर ले जाते समय मौत हो गई।
बहराइच जिले के नानपारा थानाक्षेत्र के चंदेला गांव से मजदूरों को लेकर एक पिकअप बृहस्पतिवार को बस्ती आ रही थी। उमेश नाम का चालक पिकअप चला रहा था। सुबह सात बजे कप्तानगंज थाना क्षेत्र के तेलियाडीहा गांव के निकट पहुंचने पर पिकअप को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दिया। जिससे पिकअप डिवाइडर पर टकराकर पलट गई। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में कुछ स्थानीय समाजसेवी अपने वाहन में गंभीर रूप से घायलों को निजी वाहन से सीएचसी ले गए। उसी दौरान एंबुलेंस भी पहुंच गई और बाकी घायल सीएचसी ले जाए गए। गंभीर हालत देख सात घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। उनमें से राम कुमार और संतराम को बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। जिनकी रास्ते में ही मौत हो गई। एसओ कप्तानगंज रोहित उपाध्याय ने बताया कि मजदूरों के परिजनों को सूचना दिया गया है। मजदूर पाइप लाइन का काम करने के लिये बस्ती की तरफ जा रहे थे।
एक ही गांव चंदेला के सभी मजदूर
घटना में बहराइच जिले के नानपारा थानाक्षेत्र के चंदेल निवासी राम कुमार (25) पुत्र संतराम, संतराम(38) पुत्र पतिराम, सुभाष (25) पुत्र शारदा, प्रमोद (27) पुत्र देवता , समर (28) पुत्र ननकू, अमरजीत (30) पुत्र जगदीश, संतोष(25) पुत्र बांकेलाल,राम मूरत (27) पुत्र कैलाश, माधवराज (27) पुत्र कृपाराम, बैठू (30) पुत्र पतिराम, नंदराम (35) पुत्र अवतार, गंगाराम (40) पुत्र रामनरेश और इसी जिले के थाना खैरीघाट के राजबोझा निवासी उमेश (26) (चालक) पुत्र लल्लू शामिल हैं। इनमें राम कुमार, संतराम, सुभाष, प्रमोद, समर, संतोष, राममूरत की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां से राम कुमार, संतराम को बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर किया गया।रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया।
घायलों के पहुंचने पर सीएचसी में मची अफरा-तफरी
पिकअप पलटने से घायल हुए मजदूरों को सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया गया तो अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। घायलों में कुछ मजदूर काफी देर तक फर्श पर पड़े रहे। कुछ देर बाद आसपास के लोग पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गये। मौजूद वार्ड बॉय राम सनेही ने घायलों की मरहम पट्टी शुरू की। बाद में डाक्टर भी पहुंचे।
बस ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा
दो बड़े वाहनों के ओवरटेकिंग करने के चलते हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पहले डबल डेकर बस ने ट्रक को ओवरटेक किया।उसके गुजरने के बाद चालक ट्रक संभाल नहीं पाया और उसने पिकअप को टक्कर मार दिया। जिससे पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गई। घायल मजदूरों ने बताया कि एक ठेकेदार के बुलाने पर वे लोग बस्ती जा रहे थे। वहां से संतकबीरनगर काम करने जाना था।