पंचायत चुनावः आरक्षण की अंतिम सूची जारी, गोरखपुर की 857 पंचायतें आरक्षित
-437 गांव अनारक्षित, पिछली सूची की तुलना में इस बार करीब 60 फीसदी बदलाव
-23 मार्च तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति, 26 मार्च को जारी होगी आरक्षण की अंतिम सूची
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिला प्रशासन की तरफ से रविवार की देर शाम ग्राम प्रधान, जिला पंचायत वार्ड, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी), ब्लॉक प्रमुख और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए आरक्षण की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई। आमजन को देखने के लिए इसे जिला मुख्यालय के साथ ही ब्लॉकों पर भी चस्पा कर दिया गया है। शासन की तरफ से अनंतिम सूची के प्रकाशन के लिए 20 से 22 मार्च तक की तारीख तय की गई थी मगर एक दिन बाकी रहते ही ही प्रशासन ने सूची का प्रकाशन कर दिया। दो मार्च को प्रकाशित हुई आरक्षण की अनंतिम सूची की तुलना में इस बार करीब 60 फीसदी बदलाव हुआ है।
शासन की तरफ से इस बार कुल 1294 ग्राम पंचायतों में से प्रधान पद के एससी, एसटी एवं ओबीसी के लिए 649 गांवों को आरक्षित किया गया है जबकि महिला के लिए 208 ग्राम पंचायतें आरक्षित रहेंगी। 437 गांव अनारक्षित हैं जहां से किसी भी जाति वर्ग का उम्मीदवार प्रधान पद के लिए अपनी किस्मत आजमा सकेगा। अनुसूचित जनजाति के लिए इस बार भी छह गांव आरक्षित हैं। इनमें से तीन महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। ये गांव जंगल कौड़िया, ब्रह्मपुर और कौड़ीराम ब्लाकों के हैं। हालांकि पूर्व की ही तरह आपत्तियों के निस्तारण के दौरान इन पंचायतों को भी दूसरे वर्ग के लिए आरक्षित या फिर अनारक्षित कर दिया जाएगा क्योंकि जिले में कोई भी एसटी नहीं है।
वहीं ब्लाक प्रमुख के 20 पदों में से सात पद अनारक्षित हैं।पिछली बार जो सीटें ओबीसी के लिए थी वे एससी या अनारक्षित हो गई हैं इसी तरह जो एससी या अनारक्षित थी वे ओबीसी हो गई हैं। यही हाल जिला पंचायत सदस्य के वार्डों का भी हैं। इनमें भी बड़ा बदलाव हुआ है।
पंचायतीराज विभाग के मुताबिक आरक्षण की अनंतिम सूची प्रकाशित होने के साथ ही आपत्ति भी दर्ज कराई जा सकती है। 23 मार्च इसकी आखिरी तारीख है। 24 और 25 मार्च को आपत्तियों का निस्तारण होगा और 26 मार्च को आरक्षण की अंतिमसूची प्रकाशित कर दी जाएगी। शिकायतकर्ता जिला मुख्यालय के अलावा ब्लाकों में भी आवेदन पत्र दे सकते हैं।
ब्लॉकवार विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षित ग्राम पंचायतों की संख्या
| ब्लॉक | कुल पंचायत | एससी महिला | एससी | ओबीसी महिला | ओबीसी | महिला | अनारक्षित |
| पिपराइच | 63 | 05 | 10 | 06 | 12 | 10 | 20 |
| चरगांवा | 35 | 03 | 04 | 04 | 06 | 05 | 13 |
| भरोहिया | 40 | 03 | 03 | 04 | 07 | 07 | 15 |
| पाली | 67 | 06 | 10 | 07 | 12 | 10 | 22 |
| पिपरौली | 63 | 04 | 07 | 06 | 12 | 11 | 23 |
| बेलघाट | 89 | 07 | 13 | 08 | 16 | 15 | 30 |
| गोला | 72 | 06 | 11 | 07 | 13 | 11 | 24 |
| गगहा | 76 | 06 | 12 | 07 | 14 | 13 | 24 |
| कौड़ीराम | 64 | 05 | 10 | 06 | 11 | 10 | 20 |
| खोराबार | 41 | 04 | 06 | 04 | 08 | 06 | 13 |
| भटहट | 64 | 04 | 08 | 06 | 12 | 12 | 22 |
| जंगल कौड़िया | 50 | 04 | 06 | 05 | 09 | 07 | 17 |
| कैंपियरगंज | 72 | 04 | 08 | 07 | 13 | 13 | 27 |
| सहजनवां | 64 | 05 | 10 | 06 | 11 | 11 | 21 |
| खजनी | 85 | 07 | 13 | 08 | 14 | 14 | 29 |
| उरुवा | 95 | 08 | 14 | 09 | 16 | 15 | 33 |
| बड़हलगंज | 69
|
06 | 10 | 07 | 12 | 10 | 24 |
| बांसगांव | 69 | 06 | 10 | 06 | 12 | 11 | 24 |
| ब्रह्मपुर | 63 | 05 | 10 | 06 | 12 | 09 | 19 |
| सरदारनगर | 53 | 05 | 08 | 05 | 10 | 08 | 17 |
| कुल | 1294 | 103 | 184 | 124 | 232 | 208 | 437 |
नोट : जंगल कौड़िया, ब्रह्मपुर एवं कौड़ीराम ब्लॉकों में 6 गांव एसटी के लिए आरक्षित हैं।
आरक्षण की अनंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है। इसे जिला मुख्यालय और ब्लॉकों पर चस्पा किया जा रहा है। किसी को भी इसपर आपत्ति होगी तो वह 23 मार्च तक आवेदन कर सकता है। 24 और 25 मार्च को आपत्तियों का निस्तारण होगा। 26 मार्च को अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। - हिमांशु शेखर ठाकुर, डीपीआरओ