Coronavirus in Gorakhpur: गोरखपुर-बस्ती मंडल में कोरोना का कहर, तीन की मौत सहित 68 नए केस
- देवरिया में नौ, महराजगंज में तीन, कुशीनगर में एक कोरोना पॉजिटिव मिला
- बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती सिद्धार्थनगर का युवक भी कोरोना पॉजिटिव
- गोरखपुर की महिला लखनऊ में पॉजिटिव मिली, बेतियाहाता का अस्पताल सील
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बस्ती और गोरखपुर मंडल में मंगलवार को कोरोना कहर बनकर टूटा है। एक तरफ जहां संतकबीरनगर और गोरखपुर में तीन कोरोना पॉजिटिव की मौत हो गई है, वहीं बस्ती में एक साथ 50 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
देवरिया में नौ और महराजगंज में तीन सहित अलग-अलग जिलों में भी 18 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। यानी दोनों मंडलों में एक दिन में 68 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें से तीन की मौत हुई है। इससे सभी जिलों में सनसनी फैल गई है।
जिन इलाकों में संक्रमित मिले हैं, उन इलाकों को सील कर दिया गया। कुछ हॉटस्पॉट तो कुछ का कंटेनमेंट जोन बनाकर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त कर दी गई है। गोरखपुर-बस्ती मंडल में अब तक 267 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं।
मुंबई से गोरखपुर लौटे उनवल नगर पंचायत के वार्ड नंबर-तीन निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग की बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। इसकी पुष्टि सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने की है। सीएमओ का कहना है कि जिस क्षेत्र में बुजुर्ग रहते थे, उसके एक किलोमीटर क्षेत्र को सील कर दिया गया है। बुजुर्ग के सगे-संबंधियों को क्वारंटीन कराया गया है।
गोरखपुर की महिला लखनऊ में मिली कोरोना पॉजिटिव
गोरखपुर की एक महिला को एसजीपीजीआई में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। महिला का इलाज गोरखपुर के बेतियाहाता स्थित एक अस्पताल में हुआ था। इस अस्पताल को सील कर दिया गया है। गोरखपुर में अब तक 22 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
इसी तरह संतकबीरनगर में कोरोना पॉजिटिव दो लोगों की मौत गई। इनकी पैथालॉजी जांच रिपोर्ट मौत के बाद आई है। जानकारी के मुताबिक मुंबई से लौटा कोतवाली क्षेत्र के कोनी गांव निवासी मृत युवक कोरोना पॉजिटिव निकला। उसके परिवार और संपर्क में आए 21 लोगों को जिला अस्पताल में क्वारंटीन करा दिया गया।
उधर, मुंबई से बाइक से लौटने के दौरान अयोध्या में हुए हादसे में बखिरा क्षेत्र के एक गांव के जिस शख्स की मौत हुई थी, वह जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 40 हो गई है।
बस्ती में फूटा कोरोना बम
वहीं बस्ती में मंगलवार को कोरोना बम फूटा है। यहां एक साथ 50 प्रवासियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इससे जिले में हड़कंप मचा है। बस्ती में गत सोमवार तक 54 केस थे, जो मंगलवार को बढ़कर 104 हो गए। बस्ती में दोगुनी रफ्तार से कोरोना के मामले बढ़े हैं।
महराजगंज में भी मंगलवार को तीन कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब कुल मरीजों की संख्या 23 हो गई है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती सिद्धार्थनगर का युवक भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। अगर इस आंकड़े को सिद्धार्थनगर में जोड़ा गया तो कुल मरीजों की संख्या 48 हो जाएगी।
देवरिया में एक नौ कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब देवरिया में कुल मरीजों की संख्या 24 हो गई। कुशीनगर में एक और कोरोना पॉजिटिव मिला है। इस जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या सात हो गई है।