सिद्धार्थनगर में मिले 15 कोरोना पॉजिटिव, जिले में कुल संक्रमितों की संख्या हुई 329
- शोहरतगढ़ और सदर तहसील क्षेत्र के अलग-अलग गांव के हैं निवासी
- रिपोर्ट आने के बाद सभी को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया
विस्तार
सिद्धार्थनगर जिले में बुधवार को कोरोना के 15 नए केस सामने आए। इनमें हियुवा नेता सहित उनके परिवार के तीन सदस्यों के अलावा न्यायालय में काम करने वाला एक व्यक्ति भी शामिल हैं। सभी संक्रमित शोहरतगढ़ और सदर तहसील क्षेत्र के निवासी हैं।
रिपोर्ट आने के बाद सभी को महिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। जिले में कोरोना के अब तक 329 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें से 257 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं, जबकि 62 एक्टिव केस हैं और अब तक 10 की कोरोना से जान गई है।
जनपद न्यायालय में काम करने वाला एक 28 वर्षीय व्यक्ति फ्लू की शिकायत पर जिला अस्पताल आया था। जांच में वह कोरोना पॉजिटिव मिला। युवक ने बताया कि वह संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आया था। शोहरतगढ़ नगर पंचायत के पांच कर्मचारियों में फ्लू की समस्या पाए जाने पर उनके लार का सैंपल जांच के लिए लिया गया था। शोहरतगढ़ कस्बे के ही हियुवा नेता सहित उनके परिवार के तीन सदस्यों का नमूना भी जांच को भेजा गया था।
शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र की एक महिला सहित छह अन्य लोगों का भी सैंपल लिया गया था। बर्डपुर ब्लॉक के तीन बढ़नी के एक और उसका बाजार के युवक का सैंपल भी जांच के लिए भेजा गया था। बुधवार को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में यह सभी कोरोना संक्रमित पाए गए। सीएमओ आईवी विश्वकर्मा ने बताया कि मंगलवार को 15 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
सिंहेश्वरी मंदिर सील
नगर में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने बचाव के मद्देनजर मंगलवार देर शाम को सिंहेश्वरी मंदिर को सील कर दिया। मुख्य गेट सहित अन्य रास्तों को बंद कर दिया गया। बताया जा रहा है कि नगर में कोरोना संक्रमित पाए गए व्यक्ति की दुकान मंदिर परिसर में थी और आशंका थी की वह दुकान पर गया था। इसलिए मंदिर को सील कर दिया गया है, जिससे लोगों को संक्रमित होने से बचाया जा सके। एसओ सदर आरबी सिंह बताया कि नगर में संक्रमित पाए जाने के बाद मंदिर को सील कराया गया है। पुलिस टीम को लगा दिया गया है।