कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से उड़ान की तैयारियां पूरी, जल्द होगी शुरूआत
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कुशीनगर से जल्द उड़ान शुरू कराने को लेकर एयरपोर्ट अथारिटी व जिला प्रशासन की तरफ से अधिकतर तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। बस डीजीसीए के निरीक्षण व लाइसेंस मिलने भर की देरी है। अब यहां से जल्दी उड़ान शुरू करने को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
बृहस्पतिवार की सुबह लगभग आठ बजे सिविल एयरपोर्ट गोरखपुर के डायरेक्टर एके द्विवेदी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंच गए। दिन भर भ्रमण कर निर्माण व तैयारी से संबंधित एक-एक बिंदु की जानकारी ली। अथारिटी के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत भी कराया। इसके अलावा एके द्विवेदी ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कसया पूर्ण बोरा से भी मिलकर कई बिंदुओं पर चर्चा की।
दोपहर बाद नवनिर्मित टर्मिनल बिल्डिंग में एयरपोर्ट अथारिटी के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बातचीत की गई। इस दौरान कुशीनगर एयरपोर्ट के डीजीएम (सिविल इंजीनियरिंग) एनपी कोरी ने कहा कि इस एयरपोर्ट से उड़ान शुरू कराने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। कहीं कोई ऐसी दिक्कत व अधूरा कार्य नहीं है, जिससे उड़ान शुरू कराने में कोई बाधा उत्पन्न हो। सिर्फ डीजीसीए टीम के आने का इंतजार है। टीम के निरीक्षण के बाद एयरपोर्ट को लाइसेंस मिल जाएगा।
एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के प्रयास में आई तेजी
कुशीनगर एयरपोर्ट के रनवे के किनारे प्रस्तावित विस्तारीकरण कार्य को जल्दी पूरा कराने के लिए प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिया है। डीएम की तरफ से गठित अभियंताओं की तीन सदस्यीय टीम ने बृहस्पतिवार को विस्तारीकरण के दायरे में आने वाले मकानों का मूल्यांकन किया।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हेमराज सिंह की अगुवाई में टीम ने प्रभावित लोगों से मकान की कीमत को लेकर बातचीत की। लोगों ने वर्तमान दर पर मूल्यांकन की मांग की। अधिशासी अभियंता ने बताया कि भलुही मदारी पट्टी में 47 व बेलवा दुर्गा राय में 23 लोगों का मकान विस्तारीकरण के दायरे में है।
पूर्व में इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन प्रभावित लोग इसको लेकर एतराज जता रहे हैं। इसलिए फिर से बातचीत चल रही है। उच्चाधिकारियों के आदेश के मुताबिक कार्रवाई होगी।