शातिर तरीके से बदमाशों ने किया था युवक का अपहरण, पड़ोसियों तक को नहीं हुई घटना की जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रामगढ़ ताल इलाके से छह अगस्त को अपहृत सर्वेश सिंह (35) का गया (बिहार) के बेलागंज थाना क्षेत्र में सिर कटा शव मिला है। बोलेरो सवार बदमाशों ने घर के पास से सर्वेश सिंह उर्फ राज सिंह का असलहे के बल पर अपहरण कर लिया था। बिहार पुलिस ने शिनाख्त के बाद घरवालों को जानकारी दी। सर्वेश की मां का आरोप है कि गोरखपुर पुलिस की लापरवाही की वजह से उनके बेटे की जान गई है।
बता दें कि सर्वेश सिंह का अपहरण इतने शातिर तरीके से किया गया कि उसके पड़ोसियों तक को भी इस मामले की जानकारी नहीं हो पाई। पड़ोसियों का कहना है कि सोमवार को जब सर्वेश के घर पुलिस की गाड़ी आई तब उन्हें पता चला कि उसका अपहरण हुआ था और हत्या कर दी गई है। सर्वेश के पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो सवार बदमाश सर्वेश को असहले के बल पर घर से उठा ले गए थे। यह सब इतने शातिर तरीके से हुआ कि पड़ोसी तक को भनक नहीं लग पाई। सर्वेश के घर से कुछ दूरी पर रहने वाले मनोज बताते हैं कि सर्वेश के परिवार के लोग किसी से ज्यादा संपर्क नहीं रखते हैं। सोमवार की रात पुलिस की गाड़ी घर पहुंची, तब लोगों को घटना की जानकारी हुई।
ऐसी हुई सर्वेश की शिनाख्त
मूलरूप से बेलघाट इलाके के पिपरसंडी गांव की निवासी किशोरी देवी ने रामगढ़ ताल थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह फौज से सेवानिवृत्त अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रामगढ़ ताल इलाके के फुलवरिया में रहती हैं।
किशोरी देवी ने बताया कि छह अगस्त की दोपहर उनके घर मैरून रंग के बोलेरो से तीन लोग पहुंचे। बेटे सर्वेश के घर से बाहर आते ही उन लोगों ने एक नंबर बताकर पूछा कि यह उसका नंबर है? बेटे के हां कहते ही उन लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। फिर तमंचा सटाकर जबरन बोलेरो में बैठाकर ले गए। वह शिकायत करने थाने गईं, जहां उनके साथ पुलिसकर्मियों ने बदसलूकी की।
किशोरी देवी ने बताया कि उनके बेटे के खिलाफ सुल्तानपुर जिले के कादीपुर कोतवाली में हत्या का केस दर्ज था। वह इन दिनों जमानत पर बाहर था। लॉकडाउन के पहले से वह घर पर रह रहा था। हालांकि जानकारी यह भी मिली है कि सर्वेश बिहार के सुल्तानगंज में भी हत्या के एक मामले में आरोपी था।
बिहार के गया जिले के बेलागंज एसएचओ अविनाश कुमार ने सर्वेश के घर पहुंचकर शव के फोटो और कपड़े से उसकी शिनाख्त कराई। उन्होंने बताया कि उनके थाना क्षेत्र में एनएच-3 से पहले रिसौध नहर के पास धान के खेत में एक अज्ञात युवक का शव बीते 10 अगस्त को मिला था। शव बोरे में था। गर्दन अलग और धड़ अलग था।
एक आरसी पेपर की मदद से पहचान कर पुलिस सोमवार को गोरखपुर पहुंची। उन्हें एक गाड़ी का पता करना था। बाद में पता चला कि गाड़ी का नंबर फर्जी था। जांच के दौरान ही एसओ को सर्वेश के घर का पता मिला। वहां पहुंचे तो सर्वेश के अपहरण की बात सामने आई।