UP: 2.50 लाख लेकर अगले दिन गिरवी जेवर देने का किया वादा, सुबह दुकान बंद कर फरार हुआ सराफा कारोबारी
जंगल डुमरी नंबर-दो के नगर टोला खजुरिया निवासी शांति जायसवाल ने मुख्यमंत्री जनता दर्शन में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने मा शेरावाली ज्वेलर्स के यहां अपने सोने के जेवर गिरवी रखकर रुपये लिए थे। तय अवधि पूरी होने पर जब वह जेवर छुड़ाने पहुंचीं तो संचालक ने उनसे 2.50 लाख रुपये जमा करा लिए और अगले दिन जेवर देने का भरोसा दिया।
विस्तार
गुलरिहा थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स की आड़ में लोगों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मा शेरावाली ज्वेलर्स का संचालक गिरवी रखे गए जेवर और नकदी लेकर दुकान बंद कर भाग गया। गुलरिहा पुलिस ने संचालक पवन वर्मा समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जंगल डुमरी नंबर-दो के नगर टोला खजुरिया निवासी शांति जायसवाल ने मुख्यमंत्री जनता दर्शन में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने मा शेरावाली ज्वेलर्स के यहां अपने सोने के जेवर गिरवी रखकर रुपये लिए थे। तय अवधि पूरी होने पर जब वह जेवर छुड़ाने पहुंचीं तो संचालक ने उनसे 2.50 लाख रुपये जमा करा लिए और अगले दिन जेवर देने का भरोसा दिया।
आरोप है कि अगले दिन दुकान बंद मिली और संचालक जेवर व नकदी लेकर भाग चुका था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला और मोबाइल भी बंद मिला। शांति का आरोप है कि उनके अलावा करीब 10 से 15 लोग भी इसी तरह की ठगी का शिकार हुए हैं।
शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2021 से 2023 के बीच कई लोगों ने यहां अपने सोने के जेवर गिरवी रखकर रुपये लिए थे। इनमें लाली जायसवाल ने नौ मई 2022 को सोने का हार गिरवी रखकर 25 हजार और कलैंडर जायसवाल ने 24 नवंबर 2021 को सोने का झुमका गिरवी रखकर 12 हजार रुपये लिए थे। अब सभी पीड़ित अपने जेवर वापस मांग रहे हैं।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि पवन वर्मा, अमरनाथ जायसवाल, सोनू वर्मा समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया है। मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी और जेवरों की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।