गोरखपुर स्पोर्ट्स कॉलेज में अब छात्राओं को ही मिलेगा दाखिला, जानिए छात्रों का कहां होगा स्थानांतरण
स्पोटर्स कॉलेजेज सोसायटी के मैनेजमेंट बोर्ड की बैठक में इस पर फैसला भी हो चुका है। अब कॉलेजों में सिर्फ आदेश आना बाकी है। नई व्यवस्था के अंतर्गत स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा छह से आठ और कक्षा नौ से बारह तक के खिलाड़ी भी अलग-अलग रखे जाएंगे। यह व्यवस्था भी अगले सत्र से लागू होगी। बोर्ड की अध्यक्ष एवं प्रमुख सचिव खेल कल्पना अवस्थी की अध्यक्षता में गत दिनों लखनऊ में हुई बैठक में इस पर मुहर लग चुकी है।
नए सत्र से ऐसे संचालित होगा कॉलेज
आगामी सत्र से स्पोर्ट्स कॉलेज नए रूप में संचालित होगा। जिन व्यवस्थाओं को लागू करने की तैयारी चल रही है उसके अंतर्गत कॉलेज में जहां बायोमेट्रिक से हाजिरी लगेगी वहीं कॉलेज के सीसीटीवी का कंट्रोल रूम लखनऊ में बनेगा।
कॉलेज में नामांकित हैं 310 छात्र-छात्राएं
कॉलेजों को पांच साल की ऑडिट रिपोर्ट देनी होगी और खिलाड़ियों की खुराक तैयार करने के लिए डायटीशियन की मदद ली जाएगी। यही नहीं मेस के हर कर्मचारी का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य होगा। सत्र के बीच में मेस की दरों में बढ़ोतरी नहीं होगी।
वर्तमान में वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में कक्षा छह से बारह तक के कुल 310 छात्र-छात्राएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनमें 190 छात्र व 120 छात्राएं शामिल हैं।
गोरखपुर के वीर बहादुर सिंह स्पोटर्स कॉलेज के प्राचार्य एके पांडेय ने बताया कि शासन स्तर पर कॉलेज को पूरी तरह से छात्राओं के लिए आरक्षित करने की तैयारी चल रही है। अभी तक इसका कोई आदेश नहीं आया है। आदेश मिलते ही यहां के छात्रों को लखनऊ व सैफई स्पोर्ट्स कॉलेज में शिफ्ट कर दिया जाएगा। जबकि वहां की छात्राएं प्रशिक्षण के लिए यहां आ जाएंगी। यह व्यवस्था आगामी सत्र से लागू होने की उम्मीद है।