गोरखपुर महोत्सव का आगाज आज, दो दिन मचेगा खूब धमाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर में दो दिन तक चलने वाले गोरखपुर महोत्सव का आगाज मंगलवार से शुरू होगा। सोमवार को देर रात तक प्रशासन समेत कई विभागों के अफसर-कर्मचारी तैयारियों को अंतिम रुप देने में जुटे रहे। दोपहर दो बजे पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। हालांकि कार्यक्रमों की शुरूआत सुबह से ही हो जाएगी।
समापन मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। उनके मंगलवार की शाम को ही गोरखपुर पहुंच जाने की उम्मीद है। महोत्सव में परंपरागत और रोमांचक खेलों के साथ ही लोक कला, विज्ञान, पुस्तक एवं कृषि मेले का आयोजन होगा। गोरखपुर के विकास और हाल ही में ओडीओपी में शामिल रेडीमेट गारमेंट को बढ़ावा देने के लिए सेमिनार आयोजित होगा।
गो संरक्षण पर भी चर्चा होगी। यह पहला मौका है जब महोत्सव तीन दिन की जगह दो दिन का हो रहा है और मुख्य कार्यक्रम गोरखपुर यूनिवर्सिटी की जगह रामगढ़ताल परियोजना क्षेत्र स्थित चंपा देवी पार्क, महंत दिग्विजयनाथ पार्क आदि में होगा। सेमिनार का आयोजन एनेक्सी भवन सभागार में किया गया है।
उद्घाटन एवं समापन कार्यक्रम चंपा देवी पार्क के मुख्य मंच पर होगा। उद्घाटन के अवसर पर लखनऊ की आस्था गणेश वंदना एवं नृत्य नाटिका (गंगा अवतरण) की प्रस्तुति करेंगी। शारदा संगीतालय की ओर से विवाह संस्कार गीत एवं घूमर, पनिहारी नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।
समापन समारोह में स्मारिका का विमोचन होगा। लखनऊ की स्वाती एवं किशोर चतुर्वेदी भजन प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी) की ओर से ब्रज के लोक नृत्य की प्रस्तुति भी होगी। समापन के मौके पर 13 जनवरी को मैथिली ठाकुर का कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र होगा।
फूड जोन के साथ ही 200 स्टॉल
महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही जायके का भी भरपूर मजा उठाने का मौका मिलेगा। इसके लिए चंपा देवी पार्क में ही फूड जोन लगाया गया है। यहां शहर के विभिन्न रेस्त्रां और खाने-पीने की दुकानों के स्टॉल मौजूद हैं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की तरफ से 200 स्टॉल लगाए गए हैं। इनके माध्यम से सरकारी योजनाओं के प्रचार और टेराकोटा, खादी समेत कई अन्य सामग्रियों की बिक्री होगी। आपदा विभाग की तरफ से भी स्टॉल लगाया गया है, जहां एनडीआरएफ की टीम आपदा के समय बचाव के तरीके आदि को लेकर जागरूक करेगी।
चौराहों पर दिखेंगे महोत्सव के रंग, एयरपोर्ट भी सजाया गया
गोरखपुर महोत्सव के रंग शहर के प्रमुख चौराहों पर भी दिखेंगे। इसके लिए चौराहों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। महोत्सव स्थल पर भी जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। जिससे पीछे के लोगों को भी मुख्य मंच पर होने वाले कार्यक्रम साफ दिखाई पड़ें। एयरपोर्ट प्रशासन ने भी टर्मिनल बिल्डिंग को लाइटों से सजाया है।
700 लोगों के बैठने का प्रबंध, ठंड से बचाव को अलाव
कार्यक्रम स्थल पर चंपा देवी पार्क में 700 से अधिक लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। ठंड से बचाव के लिए जगह-जगह अलावा का प्रबंध किया गया है। हेल्थ कैंप भी लगाए गए हैं जहां डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टॉफ की तैनाती के साथ ही जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
वेबसाइट पर लाइव प्रसारण, एक करोड़ लोगों को जोड़ने का प्रयास
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट /एसडीएम सदर गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि आयोजन समिति की ओर से वेबसाइट gorakhpurmahotsav.co.in बनाई गई है। इसपर सभी कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण होगा। महोत्सव स्थल पर किन्हीं वजहों से नहीं पहुंच पाने वाले लोगों को इसके जरिए अपने घर बैठे अपनी सभ्यता, संस्कृति और कला को जानने-समझने का मौका मिलेगा। वेबसाइट के जरिए करीब एक करोड़ लोगों को महोत्सव से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने कहा कि गोरखपुर के समेकित पर्यटन विकास एवं पर्यटन महत्व को देखते हुए गोरखपुर महोत्सव का यह आयोजन काफी महत्वपूर्ण है। कोविड संक्रमण कॉल में जो स्थानीय कलाकार काफी दिनों से मंच से दूर थे, उन्हें एक बड़ा मंच तो मिलेगा ही, लोग भी अपनी सभ्यता, संस्कृति और कला को समझ सकेंगे। महोत्सव में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाएगा। सभी से अपील है कि वे मॉस्क और सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखते हुए महोत्सव का आनंद उठाएं।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि लंबे समय से कोविड-19 से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। 16 जनवरी से वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी। इस मौके पर गोरखपुर महोत्सव का महत्व और बढ़ जाता है। महोत्सव के मंच से वैक्सीन के बारे में भ्रम को भी दूर किया जाएगा। गोरखपुर में पर्यटन, उद्योग, व्यापार आदि को बढ़ावा देने के लिए महोत्सव के तहत होने वाले सेमिनार में मंथन होगा। स्थानीय लोक कलाकारों को महोत्सव के जरिए बड़ा मंच मिलेगा।
गोरखपुर महोत्सव में आज
- बैडमिंटन, कुश्ती, कबड्डी, दिव्यांग ट्राई साइकिल रेस, फुटबाल, खो-खो एवं टेबुल टेनिस की प्रतियोगिता रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह 10 बजे से।
- महंत दिग्विजयनाथ पार्क में हाट एयर बैलूनिंग सुबह 10 बजे।- कृषि मेला, सरस मेला, विज्ञान एवं पुस्तक प्रदर्शनी चंपा देवी पार्क में सुबह 10 बजे से।
- रामगढ़ताल क्षेत्र में यूथ पावर एसोसिएशन द्वारा नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन सुबह 11 बजे।
- विंध्याचल आजाद द्वारा फरुआही नृत्य का प्रदर्शन दोपहर 12 बजे चंपा देवी पार्क में।
- उद्घाटन सत्र दोपहर 12 बजे से दो बजे तक।
- गुरु गोरक्षानाथ के जीवन दर्शन पर आधारित एवं गोरखपुर परिक्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाएं दोपहर बाद दो बजे से एनेक्सी भवन में।
- चंपा देवी पार्क के मुख्य मंच पर दोपहर बाद दो बजे से शाम 4.30 बजे तक राष्ट्रीय स्तर के स्थानीय कलाकारों की ओर से सबरंग कार्यक्रम की प्रस्तुति
- उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी) की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम (बधाई नौरता नृत्य मध्य प्रदेश) चंपा देवी पार्क स्थित मुख्य मंच पर शाम 4.30 बजे से पांच बजे तक।
- गीडा स्थित उद्योग भवन में रेडीमेड गारमेंट पर कार्यक्रम दोपहर बाद तीन बजे से।
- युवा दिवस के अवसर पर चौरीचौरा की घटना पर आधारित नाट्य मंचन मुक्ताकाशीय मंच पर दोपहर बाद दो बजे।
- सत्य सारथी संस्था की ओर से नाट्य मंचन शाम चार बजे मुक्ताकाशीय मंच पर।
- सदर सांसद रविकिशन शुक्ला की ओर से कविता पाठ एवं सरकार की योजनाओं पर आधारित प्रस्तुति शाम पांच बजे से 5.30 बजे तक चंपादेवी पार्क के मुख्य मंच पर।
- खादी फैशन शो चंदा देवी पार्क के मुख्य मंच पर शाम 5.30 बजे से 6.15 बजे तक।
- लखनऊ की रंजना रंजू की ओर से गायन की प्रस्तुति शाम छह बजे से 6.35 बजे तक चंपा देवी पार्क के मुख्य मंच पर।
- राष्ट्रीय स्तर के स्थानीय भोजपुरी कलाकारों की ओर से लोकरंग कार्यक्रम शाम 6.35 बजे से रात आठ बजे तक चंदा देवी पार्क के मुख्य मंच पर।