गोरखपुर महोत्सव: पहली बार होगी नौका दौड़, बॉलीवुड के कलाकार सजाएंगे महोत्सव की शाम
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि गोरखपुर महोत्सव की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार नए स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाएगा। इसके लिए कलाकारों से आवेदन मांगे गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर महोत्सव के तहत पहली बार नौका दौड़ होगी। महोत्सव समिति नौका दौड़ रामगढ़ताल में कराने की तैयारी में है। इस बार का आकर्षण हॉट एयर बलून शो भी होगा।
गोरखपुर महोत्सव-2024 को लेकर तैयारी तेज हो गई है। इस बार भी महोत्सव 11, 12 और 13 जनवरी को आयोजित होगा। रामगढ़ताल किनारे चंपा देवी पार्क और नुमाइश ग्राउंड में आयोजित होने वाले महोत्सव में कला, संस्कृति और खेल का संगम दिखाई देगा।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा। एक ओर जहां बालीवुड के कलाकार महोत्सव की शाम को रंगीन करेंगे तो वहीं भोजपुरी कलाकार भी महोत्सव के मंच की शोभा बढ़ाएंगे।
महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को भी मंच मिलेगा। जबकि शिल्प मेला सात दिनों तक चलेगा। इस दौरान हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
श्रेया, जुबिन व बी प्राक से चल रही वार्ता
गोरखपुर महोत्सव में अंतिम दिन बालीवुड नाइट का आयोजन किया जाता है, इसमें बालीवुड के सिंगर अपने गानों से महोत्सव का रंग जमाते हैं। पिछले महोत्सव में सोनू निगम ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया था। इस बार भी महोत्सव समिति किसी बड़े बालीवुड सिंगर को बुलाने की तैयारी कर रखी है। इसे लेकर श्रेया घोषाल, जुबिन नौटियाल और बी प्राक से समिति की वार्ता चल रही है।
गोरखपुर महोत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाता है। इस बार भी बड़ी संख्या में स्थानीय कलाकारों को मंच देने की तैयारी है। लेकिन, इस बार उन्हीं कलाकारों को मंच मिलेगा जिन्होंने पहले महोत्सव में प्रस्तुति नहीं दी हो, चाहे वह किसी भी विधा के हों। इसके लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं। कलाकार गोरखपुर महोत्सव की वेबसाइट या फिर पर्यटन विभाग के कार्यालय पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसंबर निर्धारित की गई है।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि गोरखपुर महोत्सव की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार नए स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाएगा। इसके लिए कलाकारों से आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसंबर है। बालीवुड नाइट के कलाकारों से वार्ता चल रही है।