Corona in Gorakhpur: नगर विधायक की डॉक्टर बेटी समेत मिले 239 कोरोना पॉजिटिव, तीन की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण भयावह रूप ले रहा है। पहली बार जिले में 24 घंटे के अंदर 239 नए मरीज मिले हैं। भाजपा के नगर विधायक डॉ आरएमडी अग्रवाल की डाक्टर बेटी भी संक्रमित पाई गई हैं। वह बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सीनियर रेजिडेंट हैं। दूसरी तरफ शहर के जाने माने उद्योगपति श्याम मनोहर अग्रवाल और शहर के चर्चित डॉ आरडी मुखीजा की पत्नी मीनाक्षी मुखीजा सहित तीन की मौत हो गई।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज और निजी पैथालॉजी की जांच रिपोर्ट रविवार की देर शाम जारी हुई तो कोरोना संक्रमण के सारे रिकार्ड टूट गए। संक्रमित मरीजों में नगर विधायक डॉ आरएमडी अग्रवाल की डॉक्टर बेटी के अलावा 100 बेड टीबी अस्पताल के एक और डॉक्टर शामिल हैं। उपायुक्त उद्योग की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
इससे हड़कंप का माहौल है। उपायुक्त ने सभी कर्मचारियों की छुट्टी रद कर दी है। साथ ही कहा है कि हर कर्मचारी, अधिकारी पहले कोरोना की जांच कराए। कई पुलिसकर्मी भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि संक्रमित के परिजनों और उनके संपर्क में आए लोगों की जांच कराई जाएगी।
गोरखपुर-बस्ती मंडल में 550 संक्रमित मिले
गोरखपुर और बस्ती मंडल में रविवार को 550 कोरोना पॉजिटिव मिले। इनमें गोरखपुर के 239, कुशीनगर के 102, सिद्धार्थनगर के 53, संतकबीरनगर के 59, बस्ती के 26, देवरिया में 37 और महराजगंज के 34 संक्रमित शामिल हैं। देवरिया में जिला अस्पताल के एक डॉक्टर और उनकी पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
संतकबीरनगर में मिले संक्रमितों में खलीलाबाद रजिस्ट्री कार्यालय के 15 कर्मी शामिल हैं। बस्ती में 47, कुशीनगर में 91 और संतकबीरनगर में 19 संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौटे।