गोरखपुर में एक दिन बाद ही बढ़े कोरोना संक्रमित, 170 नए मिले मरीज
गोरखपुर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 24 घंटे बाद ही 170 पर पहुंच गया। दो मरीजों की मौत हुई है। एक दिन पहले शनिवार को 70 दिनों बाद केवल 72 मरीज मिले थे। हालांकि, कोरोना संक्रमण की रफ्तार अगस्त और सितंबर माह की अपेक्षा अक्तूबर माह में कम है, जोकि स्वास्थ्य विभाग के लिए राहत की बात है। अब जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 17231 हो गया है। इनमें 15393 लोग ठीक हो चुके हैं। 280 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1558 मरीजों का इलाज चल रहा है।
रविवार को बेतियाहाता साउथ रुस्तपुर ढाला फलमंडी के पास रहने वाली एक महिला डॉक्टर संक्रमित मिली हैं। मानस बिहार कॉलोनी के रहने वाले एक निजी डॉक्टर भी पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, बीआरडी में एक डॉक्टर समेत तीन कर्मी संक्रमित मिले हैं। डीएम आवास और एसडीएम कार्यालय में काम करने वाला एक कर्मी भी चपेट में आ गया है।
सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि बशारतपुर में एक परिवार के चार लोग, मानस बिहार कॉलोनी में एक परिवार के तीन लोग, खजनी में एक परिवार के दो लोग संक्रमित मिले हैं। सीएमओ ने बताया कि संक्रमित के परिजनों की जांच कराई जाएगी। उनके संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश की जाएगी।
शहरी क्षेत्र में 82 नए मरीज मिले
शहरी क्षेत्र में 82 नए मरीज मिले हैं। कैंट थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 27 मरीज शामिल हैं। गोरखनाथ में 14, कोतवाली में तीन, शाहपुर में 21, रामगढ़ताल, गुलरिया में चार-चार, राजघाट में तीन, चिलुआताल में दो और तिवारीपुर में चार मरीज मिले हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 72 नए मरीज मिले हैं।
बड़हलगंज, पाली, गोला, सरदारनगर, बेलघाट, गगहा में तीन-तीन, कौड़ीराम, पिपराइच, सहजनवां में दो-दो, जगंलकौड़िया और पिपरौली में एक-एक, चरगांवा में 13, ब्रह्मपुर में 10, भटहट में चार, खजनी में पांच, खोराबार में नौ और कैंपियरगंज में पांच मरीज मिले हैं। इनके अलावा 16 मरीज अलग-अलग थाना क्षेत्रों के हैं।
बीआरडी में दो संक्रमितों की मौत
पिछले 24 घंटे में दो संक्रमितों की मौत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुई है। दोनों जिले के रहने वाले थे। गोरखनाथ निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत शनिवार देर रात हुई। 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौत शनिवार को हुई है। कॉलेज प्रशासन ने कोविड प्रोटोकॉल के तहत शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।