आईएमए की पहल: गोरखपुर शहर के पांच निजी अस्पतालों में होगा निशुल्क ऑपरेशन, आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को मिलेगा लाभ
आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को मिलेगा लाभ, सीतापुर आई हॉस्पिटल में मरीजों को निशुल्क करानी होगी जांच।
विस्तार
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की पहल पर शहर के पांच निजी अस्पतालों ने आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन का फैसला लिया है। इन अस्पतालों में अंत्योदय कार्डधारकों का वरीयता के आधार पर ऑपरेशन किया जाएगा।
अगर कार्डधारक मरीजों का गोल्डेन कार्ड नहीं बना होगा तो उसे भी अस्पताल संचालक बनवाकर इलाज करेंगे। इसके लिए मरीजों को पहले सीतापुर आई हॉस्पिटल में निशुल्क जांच करानी होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर 25 मई 2017 को सीतापुर आई हॉस्पिटल में आईएमए की ओर से निशुल्क क्लीनिक की शुरुआत की गई थी। इसमें शहर के जाने-जाने विशेषज्ञ अलग-अलग तिथियों में मरीजों की जांच कर उन्हें सलाह देते थे। इस बीच 22 मार्च 2020 को कोविड की वजह से क्लीनिक बंद कर दी गई। इसके बाद इस साल आईएमए की नई कार्यकारिणी का गठन हुआ तो फिर से एक दिसंबर को क्लीनिक को खोलने का फैसला लिया गया।
इस बार आउट पेशेंट डिपार्टमेंट (ओपीडी) के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के ऑपरेशन का भी फैसला लिया गया है। इसके लिए शहर के पांच निजी अस्पताल आगे आए हैं। इन अस्पतालों में तारामंडल स्थित शाही ग्लोबल हॉस्पिटल, 10 नंबर बोरिंग के पास अंश आर्थोपेडिक सेंटर, मेडिकल कॉलेज रोड स्थित बांबे हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर, गोरखनाथ मंदिर के निकट आनंद लोक हॉस्पिटल और बुद्धा हॉस्पिटल शामिल किए गए हैं। इन अस्पतालों में ऑपरेशन से पहले मरीजों को सीतापुर स्थित आईएमए की ओपीडी में निशुल्क जांच करानी होगी। अगर डॉक्टर सलाह देते हैं तो ये अस्पताल मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन करेंगे।
सीतापुर आई हॉस्पिटल में चल रही इन विभागों की ओपीडी
आईएमए की ओर से सीतापुर आई हॉस्पिटल में मेडिसिन, शुगर, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, हृदय, गैस्ट्रो, सर्जरी, न्यूरो की ओपीडी निशुल्क चलाई जा रही है। इन विभागों की ओपीडी अलग-अलग दिन सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक चल रही है।
इस दिन चलेगी इन विभागों की ओपीडी...
- सोमवार- हड्डी और न्यूरो मेडिसिन की ओपीडी चलेगी
- मंगलवार- बाल रोग और मेडिसिन के डॉक्टर देखेंगे
- बुधवार- स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा बाल रोग के डॉक्टर की ओपीडी चलेगी।
- बृहस्पतिवार- शुगर व हृदय रोग विभाग की ओपीडी चलेगी।
- शुक्रवार- सर्जरी व गैस्ट्रो की ओपीडी चलेगी।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. शिवशंकर शाही ने कहा कि आईएम ने फैसला लिया है कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के निशुल्क इलाज के साथ उनका निशुल्क ऑपरेशन भी किया जाएगा। जल्द ही आईएमए का भवन भी बन जाएगा। इसके बाद वहां पर सुपर स्पेशलिटी विभागों की ओपीडी चलाई जाएगी। साथ ही आईएमए भवन में ब्लड बैंक भी स्थापित किया जाएगा। इसका लाभ भी आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को दिया जाएगा।
आईएमए उपाध्यक्ष प्रो. डॉ. अमित मिश्रा ने कहा कि अंत्योदय कार्डधारक और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के निशुल्क जांच और ऑपरेशन का फैसला आईएमए की ओर से लिया गया है। जिन मरीजों के पास अंत्योदय कार्ड है, लेकिन उनका गोल्डेन कार्ड नहीं बना है तो ऐसी स्थिति में उनका गोल्डेन कार्ड भी अस्पताल में बनवाकर इलाज किया जाएगा। इससे मरीजों को सहूलियत होगी।