कोरोना पर वार: गोरखपुर में पहले दिन चार हजार किशोरों ने कराया पंजीकरण, तीन से लगेगा कोविड टीका
एक जनवरी से कोरोनाधारी टीकाकरण के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। तीन जनवरी से 15-18 वर्ष की आयु वालों को टीका लगेगा। ऐसे में पहले दिन ग्रामीण इलाके के किशोरों ने अधिक पंजीकरण कराया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोविड टीकाकरण के लिए नए साल के पहले दिन से 15 से 18 साल के किशोरों की पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शनिवार को पहले दिन 4212 किशोरों ने कोविन एप पर पंजीकरण कराया है। इन्हें तीन जनवरी से कोवैक्सीन का टीका लगाया जाएगा। विभाग ने इसके लिए 50 हजार टीके मंगवाए हैं। तीन जनवरी के बाद से सभी बूथों पर कोवैक्सीन के टीके लगाए जाएंगे।
जानकारी के मुताबिक कोविन एप पर सबसे अधिक पंजीकरण ग्रामीण क्षेत्रों से हुए हैं। ग्रामीण इलाके के 2528 किशोरों ने पहले दिन पंजीकरण कराया है। शहरी क्षेत्र के 1684 किशोर टीकाकरण के लिए आगे आए हैं। सीएमओ डॉ आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि किशोरों को कोवैक्सीन के टीके लगाए जाएंगे। इस टीके की पर्याप्त डोज मंगा ली गई है। किशोर पंजीकरण के लिए आगे आ रहे हैं। यह सुखद संकेत हैं। जो किशोर पंजीकरण नहीं करा सके हैं, उनका बूथ पर तत्काल पंजीकरण करके टीका लगाया जाएगा।
18 साल से कम उम्र के किशोरों के पास अगर आधार कार्ड नहीं होगा तो वे स्कूल के रिजल्ट की कोई भी सर्टिफिकेट दिखाकर टीका लगवा सकेंगे। हालांकि उस सर्टिफिकेट में जन्मतिथि लिखा होना अनिवार्य होगा। सीएमओ ने बताया कि तीन लाख 11 हजार किशोरों को टीका लगाया जाना है। तीन जनवरी से सीआरसी पर दिव्यांग बच्चों के साथ वैक्सीनेशन की शुरुआत की जाएगी।
10 जनवरी से लगेगी बूस्टर डोज
सीएमओ ने बताया की 10 जनवरी से बूस्टर डोज लगाई जाएगी। इसमें हेल्थ वर्कर, फ्रंट लाइन वर्कर और 60 वर्ष से ऊपर के बुजुर्ग शामिल हैं। जिले में 33,285 हेल्थ वर्कर, 30,183 फ्रंट लाइन वर्कर और 60 वर्ष से ऊपर बीमार बुजुर्गों की संख्या 89911 है।
इन स्थानों पर होगा किशोरों का टीकाकरण
सीआरसी सीतापुर आई हास्पिटल, लिटिल फ्लावर धर्मपुर, एम्स कूड़ाघाट, पीएचसी मोहद्दीपुर, पीएचसी निजामपुर, पीएचसी शाहपुर, सरस्वती विद्या मंदिर पक्की बाग, रेल विहार फेज-तीन और जिले के 19 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र।
सीएमओ डॉ आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि 15 से 18 वर्ष के किशोरों को तीन जनवरी से कोविड का टीका लगाया जाएगा। एक जनवरी से कोविन एप पर किशोर पंजीकरण करा सकते हैं। पहले दिन चार हजार से अधिक किशोरों ने पंजीकरण कराया है। ऑनलाइन और मौके पर भी पंजीकरण कर टीका लगवाया जा सकता है।