गोरखपुर विश्वविद्यालय: प्रोन्नत होंगे स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थी
- 15 अगस्त तक ऑफलाइन मोड में किया जाएगा परीक्षा का आयोजन
- स्नातक की परीक्षा बहुविकल्पीय व परास्नताक की परीक्षाएं दोनों मोड में होंगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शासन के निर्देश पर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने वार्षिक परीक्षा का प्रारूप तय कर लिया है। स्नातक व परास्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को प्रोन्नत किया जाएगा। वहीं स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष की परीक्षाएं ऑफलाइन मोड में आयोजित होंगी। यह परीक्षाएं 29 जुलाई से 15 अगस्त के बीच संपन्न करा ली जाएंगी। परास्नातक परीक्षाओं का आयोजन बहुविकल्पीय और लिखित दोनों मोड में होगा वहीं स्नातक की परीक्षा केवल बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित परीक्षा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। शासन से मिले मार्गदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय की 14 सदस्यीय समिति ने परीक्षा के संबंध में यह निर्णय लिया है।
कुलपति ने बताया कि परास्नातक में 70 फीसदी बहुविकल्पीय तथा 30 फीसदी डिस्क्रिप्टिव सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा का प्रारूप तय करने के लिए प्रो. अजय कुमार सिंह के नेतृ़त्व में समिति का गठन कुलपति ने किया था। समिति की बैठक में डॉ. ओंकार नाथ उपाध्याय, डॉ. अनिल सिंह, प्रो. नंदिता सिंह, प्रो. एनपी भोक्ता, प्रो. शांतनु रस्तोगी, प्रो. अनुराग द्विवेदी, प्रो. विनय सिंह, प्रो. चंद्रशेखर, कुलसचिव डॉ. ओमप्रकाश और परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह मौजूद रहे।
कुलपति ने बताया कि प्रायोगिक परीक्षा में 50 फीसदी अंक बहुविकल्पीय परीक्षा लेकर दिए जाएंगे जबकि 50 फीसदी अंक के लिए एसेसमेंट प्रोजेक्ट संबंधित विभाग या महाविद्यालय में जमा करना होगा। इसका मूल्यांकन विश्वविद्यालय द्वारा कराया जाएगा।
शासन के निर्देश के मुताबिक परीक्षाओं का समय एक से दो घंटे के बीच निर्धारित किया जाएगा। एलएलबी और बीए-एलएलबी की प्रथम, तृतीय व पंचम सेमेस्टर की परीक्षाओं में बहुविकल्पीय प्रश्न ही पूछे जाएंगे। असाइनमेंट और ट्यूटोरियल की प्रक्रिया पूर्ववत ही रहेगी।
फैक्ट फाइल
स्नातक : 1.75 लाख विद्यार्थी
परास्नातक : 50 हजार विद्यार्थी
संबद्ध कॉलेज : 329