गोरखपुर छावनी रेलवे स्टेशन के वर्कशॉप में लगी आग, करोड़ों रुपये की ट्राई टेंपिंग मशीन जली
करोड़ों की ट्राई टेंपिंग मशीन जली, दमकल की गाड़ियों ने दो घंटे में आग बुझाई
वर्कशाप में भारी मात्रा में ड्रम में डीजल और मोबिल रखा था, बड़ा हादसा टला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर शहर के कूड़ाघाट के छावनी रेलवे स्टेशन के पास स्थित ट्रैक मशीन वर्कशॉप में ट्राई टेंपिंग मशीन में शुक्रवार की शाम करीब चार बजे अचानक आग लग गई। जिससे करोड़ों की मशीन जल गई। दमकल की तीन गाड़ियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
वर्कशॉप के कर्मचारियों के अनुसार, जब आग लगी, उस समय वहां भारी मात्रा में ड्रम में डीजल व मोबिल रखा था। उसे तत्काल वहां से हटाया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, छावनी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे का वर्कशॉप है। जिसमें रेलवे ट्रैक मेंटेनेंस करने वाली मशीन आदि मरम्मत के लिए लाई जाती हैं। शुुक्रवार को ट्रैक मशीन वर्कशॉप में कर्मचारी ट्राई टेंपिंग मशीन 941 की मरम्मत कर रहे थे, जो ट्रैक के मेंटेनेंस का काम करती है। तभी शाम चार बजे के करीब तार के फाल्ट से अचानक मशीन में आग लग गई।
जांच के मिले निर्देश
आग लगते ही कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। कुछ कर्मचारियों ने पहले जल्द से जल्द स्टोर खाली किया और डीजल व मोबिल को वहां से हटाया। आग लगने की सूचना पर रेलवे के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि कैंट स्टेशन पर एक मशीन में आग लगी थी। जिस पर काबू पा लिया गया है। आग कैसे लगी, इसकी जांच के निर्देश दिए गए हैं।