गोरखपुर: बीआरडी में जूनियर डॉक्टरों और तीमारदारों में मारपीट, छह के खिलाफ केस दर्ज
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि डॉक्टर की तहरीर के आधार पर हत्या का प्रयास, बलवा सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बीआरडी मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के मेडिसिन वार्ड नंबर-14 में जूनियर डॉक्टरों और तीमारदारों के बीच मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि तीमारदारों ने डॉक्टरों को मारापीटा। इस दौरान वार्ड में भगदड़ मच गई थी।
मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ महीम मित्तल की तहरीर पर हत्या का प्रयास, बलवा, सरकारी काम में बांधा डालने सहित अन्य धाराओं में चार नामजद सहित दो अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। गुलरिहा पुलिस एक होमगार्ड और एक अन्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, पिपराइच थाना क्षेत्र के भिसवा निवासी घनश्याम राजभर (55) की शुक्रवार की सुबह तबीयत खराब हो गई। परिजन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के मेडिसिन वार्ड पहुंचे। डॉक्टरों ने भर्ती कर इलाज शुरू किया। इस बीच घनश्याम की बहू गोल्डी पति प्रमोद के साथ उन्हें देखने पहुंची।
वह देवर राहुल से तबीयत के बारे में पूछने लगी। इस बीच जूनियर डॉक्टर आ गए और कहासुनी के दौरान मारपीट हो गई। आरोप है कि इस बीच जूनियर डॉक्टर इकट्ठा हो गए। गोल्डी राजभर का आरोप है कि दर्जन भर जूनियर डॉक्टरों ने मुझे, मेरे भाई गोलू, देवर राहुल को लाठी डंडे से मारापीटा। इसकी वजह से राहुल का सिर फट गया।
इस बीच वार्ड की गैलरी में लगे लोहे के गेट को गार्ड ने बंद कर दिया। रिश्तेदार रामकिशुन निवासी कप्तानगंज कुशीनगर और मां मीरा सहित अन्य तीमारदारों ने गेट को धक्का देकर तोड़ा, तब जाकर राहुल और गोलू की जान बची। वहीं, मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ महीम मित्तल ने आरोप लगाया है कि राहुल और गोलू मेडिसिन विभाग में मौजूद थे।
मरीज को जरूरी दवाइयां दी जा चुकी थी। दोनों तीमारदार बार-बार मरीज के बारे में पूछकर काम में बाधा उत्पन्न कर रहे थे। राहुल नाम के व्यक्ति ने चार से पांच लोगों को बुलाकर डॉ सुशांत को जान से मारने की नियत से मारना शुरू कर दिए।
डॉ रोहित शर्मा, डॉ विष्णु दूबे, डॉ असीम यादव डॉ अवरार हुसैन, डॉ अफरोज नईयर बचाने पहुंचे तो उन्हें भी मारापीटा गया। पुलिस ने होमगार्ड जयगोविंद और रामकिशुन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दो घंटे प्रभावित रहा इमरजेंसी वार्ड
विवाद के बीच दो घंटे मेडिसिन विभाग का इमरजेंसी वार्ड प्रभावित रहा। इस दौरान किसी मरीज का इलाज नहीं हो पाया। एक दर्जन से अधिक मरीज मारपीट के डर की वजह से वार्ड से भाग खड़े हुए। पुलिस के पहुंचने पर मरीजों की भर्ती शुरू हो पाई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
विभागाध्यक्ष मेडिसिन विभाग डॉ महीम मित्तल की तहरीर पर राहुल निवासी भिसवा थाना पिपराइच, गोलू निवासी नकहा नंबर एक, रामकिशुन निवासी भरसा नारायण कुशीनगर, जयगोविंद निवासी विशुनपुरा बाबू चौरीचौरा सहित दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने कहा कि डॉक्टर की तहरीर के आधार पर हत्या का प्रयास, बलवा सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई है।