जौनपुर में कार्यरत शिक्षक के दस्तावेज पर नौकरी कर रहा था गोरखपुर का शख्स, जारी किया गया नोटिस
- बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जौनपुर में कार्यरत शिक्षक को सत्यापन के लिए बुलाया गया
- एसटीएफ की छापेमारी में रंगेहाथ पकड़ा गया था बड़हलगंज ब्लॉक में कार्यरत आशीष सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फर्जी शिक्षकों की पहचान कर उनसे उगाही करने के आरोपी दोनों सगे भाइयों के साथ लखनऊ में एसटीएफ के हत्थे चढ़ा शिक्षक आशीष कुमार सिंह जौनपुर में इसी नाम से कार्यरत शिक्षक के कूटरचित दस्तावेज के आधार पर नौकरी कर रहा था।
खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से की जा रही प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है। इसके बाद जौनपुर में कार्यरत आशीष कुमार सिंह को विभाग की ओर से सत्यापन के लिए बुलाया गया है। वहीं, विभाग की ओर से गोरखपुर जिले के बड़हलगंज ब्लॉक में कार्यरत शिक्षक आशीष सिंह को पहला नोटिस जारी किया गया है।
तीन नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं देने पर आरोपी शिक्षक को बर्खास्त किया जाएगा। मामला प्रकाश में आने के बाद से बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़हलगंज में कार्यरत आशीष सिंह का वेतन रोकने के साथ ही निलंबित कर दिया है। वहीं, मामले की जांच संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपी है।
एसटीएफ से पूछताछ के दौरान आरोपी शिक्षक अपना असली नाम प्रमोद कुमार यादव बताते हुए बड़हलगंज ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय खोरी पट्टी में कूटरचित दस्तावेज के सहारे आशीष कुमार सिंह के नाम पर काम करने की बात कबूली थी। इसके बाद से विभाग की ओर से बर्खास्तगी की कार्रवाई शुरू की गई है।
जौनपुर में कार्यरत शिक्षक के असली होने के कयास
जौनपुर में कार्यरत शिक्षक आशीष सिंह के शैक्षणिक दस्तावेज का सत्यापन होने के साथ ही बड़हलगंज ब्लॉक में कार्यरत आरोपी शिक्षक की पोल खुल जाएगी। इसके बाद आरोपी को बर्खास्त करने का रास्ता खुल जाएगा। विभाग ने मामले की संवदेनशीलता को देखते हुए आगे प्राथमिकता के आधार पर मुकदमा तक दर्ज कराने की तैयारी की है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि आरोपी शिक्षक को निलंबित करने के साथ ही मामले की जांच बड़हलगंज के खंड शिक्षा अधिकारी को दी गई है। प्राथमिक जांच में आशीष सिंह के नाम से जौनपुर में शिक्षक के कार्यरत होने की सूचना मिली है। उसके दस्तावेज बड़हलगंज में तैनात शिक्षक से मिलते हैं। सत्यापन के लिए शिक्षक को बुलाया गया है।