Gorakhpur: गोरखपुर के आठ मोहल्ले, आठ पहर पुलिस रखेगी पैनी नजर
अपराधियों से बचाने के लिए लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे, सेफ सिटी योजना के तहत जल्द बनेगा कंट्रोल रूम, कैमरों की संख्या भी बढ़ेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर सीएम सिटी को सेफ सिटी बनाने की मुहिम के तहत पुलिस शहर के आठ मोहल्लों पर आठों पहर यानी 24 घंटे नजर रखेगी। अपराधियों की गलत नजर से बचाने के लिए एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने शहर के आठ थाना क्षेत्रों के आठ मोहल्लों का चयन कर लिया है, जहां पर सीसी टीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
जल्द ही पूरे शहर और जिले को कैमरे की जद में कर लिया जाएगा और इसका कंट्रोल रूम भी बनेगा। ताकि, कोई भी घटना होने पर कैमरे की मदद से पुलिस तत्काल बदमाश तक पहुंच सके। फिलहाल, आठ मोहल्लों का चयन कर इसकी शुरुआत की गई है। इसमें आम लोगों की मदद पुलिस ले रही है।
जानकारी के मुताबिक, एडीजी अखिल कुमार ने एसपी सिटी को शहर को कैमरे की जद में लाने का नोडल अफसर बनाया है। एसपी सिटी ने शहर के सभी थानेदार और पुलिसकर्मियों के साथ विचार-विमर्श कर आठ मोहल्लों का चयन किया है। पहले चरण में इन मोहल्लों में कैमरे लगाए जाने हैं।
कैमरों को लगाने के बाद इसका एक कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा, जिससे इसकी निगरानी की जा सके। एसपी सिटी के मुताबिक, कैमरों को इस तरह से लगाया जाएगा कि अगर कोई एक चौराहे से निकले तो दूसरे चौराहे तक कैमरे की जद में रहे। इससे वारदात के बाद आरोपी को दबोचा जा सकेगा। अपराध रोकने के साथ ही आम लोगों में सुरक्षा की भावना भी बढ़ेगी।
इन मोहल्लों से होगी शुरुआत
- खोराबार में सहारा इस्टेट
- शाहपुर में राप्तीनगर
- गोरखनाथ में शास्त्रीपुरम विकास नगर
- राजघाट में तुर्कमानपुर
- कोतवाली में शाहमारुफ
- तिवारीपुर में घासीकटरा
- रामगढ़ताल में वरदायनी मोहल्ला
- कैंट में बेतियाहाता
एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने कहा कि सेफ सिटी के तहत शहर में सीसी टीवी कैमरों को लगवाना है। इसके लिए पुलिस वालों से बातचीत कर के शहर के आठ थाना क्षेत्रों के आठ मोहल्लों को चिह्नित किया गया है। यहां पर संभ्रात लोगों के सहयोग से कैमरे लगाए जाएंगे। जल्द ही इसका कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा, जिससे नियमित निगरानी भी होगी।