गोरखपुर में खनन: मिट्टी से भरा डंपर युवक पर चढ़ाया, भीड़ ने घेरा थाना और चालक को पीटा, देखें VIDEO
लोगों का कहना था कि अब तो दिन में भी भीड़भाड़ वाले इलाके से होकर खनन की गाड़िया जा रही है। इनकी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। उधर, घटना के बाद घायल के परिवार के लोग स्थानीय लोगों के साथ तिवारीपुर थाने पहुंच गए और घेराव कर ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर तिवारीपुर इलाके के इलाहीबाग में रविवार को मिट्टी लदे डंपर से कुचलकर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का पैर टूट गया है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, घटना के बाद नाराज लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पिटाई कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। घटना के दौरान खनन कराने वालों और स्थानीय लोगों से हाथापाई भी हुई। इसके बाद युवक के परिजनों ने स्थानीय लोगों के साथ थाने का घेराव किया। पुलिस ने केस दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
उधर, डंपर मालिक आकाश यादव की तहरीर पर पुलिस ने डंपर की चपेट में आने से घायल सहीर अहमद और उसके भाई सफीक अहमद, मजहर कलाम और चार से पांच अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। घायल चालक के सिर में चोट आई है, उसका जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, पिपरा निवासी सहीर अहमद (20) रविवार सुबह छह बजे बाइक से किसी काम से घासीकटरा की तरफ जा रहे थे। इलाहीबाग तिराहे के पास डंपर की चपेट में आने से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने डंपर को घेर लिया और चालक से हाथापाई करने लगे। लोगों ने अवैध खनन का भी विरोध किया और कहा कि खनन की मिट्टी लेकर चलने वाले ओवरलोड वाहनों की वजह से सड़क पर चलना दूभर हो गया है। पूरी रात खनन होता है और ओवरलोड वाहन धड़ल्ले से गुजरते हैं।
इसे भी पढ़ें: 'बोला था गोरखपुर में CCTV कैमरे हैं...' साथी न माना और दबोचे गए, पुलिस से बदमाश ने कहा
लोगों का कहना था कि अब तो दिन में भी भीड़भाड़ वाले इलाके से होकर खनन की गाड़िया जा रही है। इनकी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। उधर, घटना के बाद घायल के परिवार के लोग स्थानीय लोगों के साथ तिवारीपुर थाने पहुंच गए और घेराव कर ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। बाद में पुलिस ने केस दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
उधर, डंपर मालिक सहजनवां के बोक्टा निवासी आकाश यादव पुलिस को दी गई तहरीर में लिखा है कि सहीर अहमद, मजहर कलाम, सफीक अहमद ने अन्य लोगों के साथ मिलकर मारपीट की है। जबकि, जिसके साथ हादसा हुआ है, वह गलत साइड से आ रहे थे। एसओ तिवारीपुर चंद्रभान सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। चालक के सिर पर चोट आई है। उसका इलाज कराया गया है। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आए दिन हो रहे हादसे
रात 10:00 बजे से सुबह करीब 7:00 बजे तक मिट्टी लदे डंपरों की आवाजाही बड़ी संख्या में होती हैं, उनकी गति इतनी तेज होती है कि सड़क पर चलने में डर लगता है। आए दिन हादसे होते हैं, लेकिन जिम्मेदारों की नजर इस पर नहीं पड़ती। इस पर रोक लगनी जरूरी है। : हरिओम श्रीवास्तव, इलाहीबाग
चपेट में आने पर बचना मुश्किल
डंपर वाले बहुत तेज चलते हैं। दो महीने पहले बहरामपुर चौराहे पर दो हादसे हो चुके हैं, जिसमें दो युवकों का पैर खराब हो चुका है। पूरी रात मिट्टी ढोने का सिलसिला जारी रहता है। इनकी गति इतनी तेज होती है कि अगर कोई चपेट में आया तो उसका बचना मुश्किल है। - आशीष कुमार , इलाहीबाग
इसे भी पढ़ें: देवरिया में बड़ा हादसा: बरात से लौटते समय कार ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो की मौत, एक गंभीर
पूरी रात मिट्टी ले जाते हैं डंपर
डंपर से मिट्टी ढोने का काम पूरी रात चलता है। ये इलाहीबाग की घनी बस्ती से होकर जाते हैं। यहां रास्ता इतना संकरा है कि कभी-कभी रात में भी जाम लग जाता है। इनकी गति इतनी होती है कि आए दिन हादसे होते हैं। प्रशासन नहीं चेता तो किसी दिन बड़ी घटना हो सकती है। - सूरज सिंह, इलाहीबाग
कई बार हो चुके हैं हादसे
ग्रामीणों ने किया था अवैध खनन को लेकर प्रदर्शन
हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया गांव में एक डंपर और जेसीबी से मिट्टी खनन होने पर ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया था। अवैध खनन पाए जाने पर वाहनों को पुलिस ने सीज कर दिया था। इलाके में अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीण लगातार मुखर होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन की वजह से हादसे हो रहे हैं और उनकी जमीन भी बर्बाद हो जाती है। इसके पहले मंगलवार को अनन्तपुर गांव में भी ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन भी किया था।
इसे भी पढ़ें: नदी किनारे मिली युवती की लाश, हत्या या खुदकुशी उलझी पुलिस
खनन के ट्रक से युवक की गई थी जान
आठ जून को बेलघाट इलाके में बालू खनन की ओवरलोड ट्रक से कुचलकर समरजीत (40) की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने विरोध भी दर्ज कराया था। उनका कहना है कि ओवरलोडिंग की वजह से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है और इनकी रफ्तार की वजह से लोगों की जान भी जा रही है। दूसरे, आए दिन लोग घायल हो जाते है, लेकिन हल्की चोट होने की वजह से बात सामने नहीं आती है। वहां के ग्रामीण खनन को बंद करने की मांग कर रहे हैं।
मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्राली से सड़क टूटने पर केस दर्ज
उरुवा थाना क्षेत्र के धुरियापार में मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्राली से तीन महीने पहले बनी सड़क के क्षतिग्रस्त होने पर केस दर्ज किया गया है। स्थानीय निवासी की तहरीर पर पुलिस सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा में केस दर्ज कर जांच कर रही है। उरुवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी अहसन रजा ने तहरीर में लिखा है कि आठ जून की शाम धुरियापार जा रहे थे। रास्ते में देखा कि सेंट जोसेफ स्कूल के पास पूरी सड़क टूट गई है। तीन महीने पहले बनी सड़क की दशा देकर हैरान हो गया।
पता चला कि मुबारकपुर निवासी शहाबुद्दीन ने अपने घर पर खनन की मिट्टी गिरवाई है। सड़क से जमीन ऊंची थी, लेकिन ट्रैक्टर चालक ने जबरन उस पर ट्राली चढ़ाई, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। उसी दिन डॉयल 112 पर सूचना दी थी, तो पुलिस आई थी। पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.