अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए बाइक चोर के मामले में गोरखनाथ इंस्पेक्टर ने फरार बाइक चोर और चार सिपाही एक होमगार्ड के खिलाफ शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उधर क्राइम ब्रांच के साथ ही गोरखनाथ व शाहपुर पुलिस बदमाश की तलाश में लगी है पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, गोरखनाथ स्पेक्टर चंद्रभान सिंह ने रविवार की देर रात शाहपुर थाने पहुंच तहरीर दी। जिसमें उन्होंने लिखा है कि क्राइम ब्रांच की मदद से गोरखनाथ पुलिस ने रविवार की भोर में वाहन लिफ्टर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था। जिनकी पहचान पहचान गोरखनाथ के रसूलपुर कामरेड नगर कॉलोनी निवासी नौसाद उर्फ गोलू, शहीद अब्दुलानगर निवासी नसीम, वसीम कुरैशी, रसूलपुर अमरूतानी बाग निवासी नईम व मिर्जापुर पचपेड़वा निवासी सागर भारती के रूप में हुई। बदमाशों की निशानदेही पर चोरी की दो बाइक बरामद हुई। थाने में तैनात सिपाही मनोट पटेल, अभिमन्यु, धनराज, आनंद प्रकाश और होमगार्ड नागेंद्र यादव बदमाशों को कोर्ट में पेश करने के बाद ऑटो से जिला कारागार ले जा रहे थे। सिपाहियों और होमगार्ड की लापरवाही से जेल रोड के पास एक आरोपित सागर भारती ऑटो से कूदकर फरार हो गया। सीओ गोरखनाथ प्रवीण सिंह ने बताया कि फरार हुए बदमाश सागर की तलाश चल रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है जल्दी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।