गोरखपुर में एनकाउंटर: मुठभेड़ में शातिर बदमाश मिथुन समेत छह गिरफ्तार, कई मामलों में थे वांछित
सोमवार की रात डकैती की योजना बनाते समय पुलिस से हुआ सामना, बदमाशों ने चौरीचौरा पुलिस पर की फायरिंग।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में चौरीचौरा पुलिस ने सोमवार की रात मुठभेड़ में शातिर बदमाश मिथुन पासवान व उसके मामा धीरू समेत छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान मिथुन ने पुलिस पर एक बार फिर फायरिंग की। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक कार, कुशीनगर से चोरी हुई एक बाइक, चार पेटी चोरी की देशी शराब व दो किलोग्राम गांजा, दो तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने सभी बदमाशों पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी, बरामदगी, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर सभी को जेल भिजवा दिया।
एसपी नार्थ मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि चौरीचौरा थानेदार संतोष अवस्थी ने सोमवार की रात हमराहियों संग गस्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि देवरिया रोड स्थित क्रासिंग के पास कुछ बदमाश कार में बैठकर डकैती डालने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस फर फायरिंग कर दी। पुलिस ने खुद को बचाते हुए सभी छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
बदमाशों की पहचान चौरीचौरा के रोटेनिया निवासी शातिर मिथुन पासवान, उसके मामा कैंट के इंजीनियरिंग कॉलेज डिभिया धोभी टोला निवासी धीरू पासवान, हरपुर बुदहट के रेवाड़ा विजयपुर निवासी चेतु चौहान, खोराबार के नोवा डुमरी निवासी सनजी चौहान, चौरीचौरा के केवलाचक निवासी बृजेश यादव व चौरीचौरा के डुमरी निवासी सूरज भरती के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार इनके पकड़े जाने से झंगहा, चिलुआताल, चौरीचौरा थाने व कुशीनगर में दर्ज चोरी, लूट आदि के 10 मुकदमों का पर्दाफाश हुआ है। मिथुन पर पहले से ही विभिन्न थानों में 22, मामा धीरू पर 12 व चेतु पर दो मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं।
मिथुन कर चुका है पुलिस पर हमला
मिथुन इलाके का शातिर बदमाश है। उसने व धीरू आदि ने मिलकर करीब दो वर्ष पूर्व गिरफ्तारी के लिए दबिश देने गई चौरीचौरा पुलिस पर हमला कर दिया था और फरार हो गया था। कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। जिसके बाद पुलिस ने मिथुन के मामा धीरू समेत कई को गिरफ्तार किया था। मिथुन पर इनाम भी रखा गया था।
इस घटना में एसएसपी रहे सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के समय विनोद वन में पुलिस से मिथुन का सामना हुआ था लेकिन पुलिस पर फायर कर वह फरार हो गया था। उसके दो साथी गिरफ्तार हुए थे। कुछ दिनों बाद में पुलिस ने मुठभेड़ में मिथुन को गिरफ्तार किया था और उसके पैर में गोली भी लगी थी।