गोरखपुर: आंखों के सामने छह साल के बच्चे ने देखी बाप की हैवानियत, बोला- पापा ने मम्मी को मार डाला
आरोप है कि राजू ने सड़क पर ही पत्नी रूबी को रोक लिया और कहासुनी करने लगा। कहासुनी के दौरान ही राजू ने टैंपो में रखा एक नुकीला रॉड निकाला और रूबी के गर्दन में घोंपकर फरार हो गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में छह साल का बच्चा अपनी मां की मौत देखने के बाद से बदहवास है। उसके हिसाब से उसकी मां की उसके ही पिता ने इस बेरहमी से हत्या की है कि बच्चा गुमसुम सा हो गया है। घटना के बाद पहुंचे उसके नाना-नानी उसे संभाल रहे हैं तो वह बार-बार अपनी मां को बुला रहा है। बोल रहा है कि आप लोग अस्पताल से लेकर आइए।
दरअसल, तिवारीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम करीब चार बजे सहेली के साथ आधारकार्ड बनवाने गई 27 वर्षीया महिला को उसके पति ने सड़क पर ही रोक लिया और गर्दन में नुकीला रॉड घोंपकर भाग निकला। इस घटना के वक्त दंपती का एकलौता छह साल का बेटा भी मौके पर ही था।
सहेली ने महिला के मायके वालों को सूचना दी तो वे परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। तिवारीपुर पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर इस मामले में आरोपी पति के खिलाफ गैर इरादत हत्या का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। देर रात पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार भी कर लिया गया।
पीपीगंज से आ गए हैं नाना-नानी
तिवारीपुर थाना क्षेत्र के तकिया कवलदह निवासी गुड्डू की 27 वर्षीया बेटी रुबी खातून की शादी पीपीगंज इलाके के रहने वाले अबरार उर्फ राजू से आठ साल पहले हुई थी। इस दंपती का छह साल का एक बेटा है। राजू और रूबी इसी मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर रहते थे।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि राजू कभी टैंपो चलाता है तो कभी कोई अन्य कार्य करने लगता है। कुछ वर्षों से उसका पत्नी रूबी से विवाद चल रहा है। रूबी बेटे के साथ अधिकांश समय मायके में ही रहती थी। दंपती जब भी मिलते थे तो किसी न किसी बात को लेकर विवाद होने लगता था।
शनिवार की दोपहर में राजू टैंपो लेकर ससुराल गया तो केवल बेटा मिला। रूबी अपनी सहेली निशा के साथ आधारकार्ड बनवाने गई हुई थी। राजू बेटे को टैंपो में बैठाकर पत्नी की तलाश करने निकल गया। तिवारीपुर के कामरेड नगर इलाके में रूबी और निशा पैदल आती दिख गई।
आरोप है कि राजू ने सड़क पर ही पत्नी रूबी को रोक लिया और कहासुनी करने लगा। कहासुनी के दौरान ही राजू ने टैंपो में रखा एक नुकीला रॉड निकाला और रूबी के गर्दन में घोंपकर फरार हो गया। साथ में मौजूद सहेली निशा और टैंपो में बैठा बेटा दृश्य देखकर चीख पड़े। भागते समय राजू ने रूबी की सहेली निशा का मोबाइल फोन भी छीन लिया।
शोर सुनकर अगल-बगल के घरों के लोग मौके पर पहुंचे। निशा ने रूबी के मायके वालों को इसकी सूचना दी तो परिजन पहुंचे और रूबी को जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अब नाना नानी ही बच्चे की देखभाल कर रहे हैं।