गोरखपुर: जलजमाव का निरीक्षण करने गए नगर आयुक्त, पानी में उतरे निगम के अधिकारी
सिंघड़िया इलाके में नगर आयुक्त कर रहे थे जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण, हाथ में जूता लेकर नगर आयुक्त के साथ जलभराव में घूमे कर्नल सीपी सिंह।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर शहर में शनिवार को नगर आयुक्त अविनाश सिंह सिंघड़िया गैस गोदाम वाली गली एवं आसपास के इलाकों में निरीक्षण के दौरान पानी में चलने लगे तो साथ चल रहे नगर निगम के सभी अधिकारी भी पानी में चलने लगे। इस दौरान नगर निगम इंफोर्समेंट टीम के कर्नल सीपी सिंह हाथ में जूता लेकर पानी में चलते हुए नजर आए।
नगर आयुक्त ने बताया कि सिंघड़िया व उसके आस-पास के क्षेत्रों से जलनिकासी के लिए कच्चे नाले का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा नगर निगम ने पांच लाख की लागत की जीएसबी भी मार्ग में डलवाई है। दिन रात पंपों और सेक्सन मशीनों से पानी निकाला जा रहा है। अब इस इलाके में थोड़ा बहुत ही पानी रह गया है।
शनिवार को इलाके के नाले, नालियों की तल्लीझार सफाई कराई गई। जल निकासी के बाद इलाके में मैलाथियान, चूना सेनेटाईजेशन का आदि कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, एंटीलार्वा का छिड़काव कराया गया। साथ ही डेंगू व अन्य सक्रमंण रोगों के प्रकोप से बचने के लिए साफ-सफाई व क्लोरीन की दवाओं को वितरण भी किया गया।
इस दौरान उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त बृज भूषण तिवारी, मुख्य अभियंता सुरेश चंद, इंफोर्समेंट टीम के कर्नल सीपी सिंह, उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, कर निरीक्षक बीके लाल, सफाई निरीक्षक सुनील सिंह, पार्षद बृजेश सिंह छोटू मौजूद रहे।
वार्डों में चलाया गया स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वच्छता महाअभियान के आह्वान पर शिवपुर सहबाजगंज, रूस्तमपुर, दिलेजाकपुर, सूर्यकुण्डधाम नगर (रसूलपुर भट्ठा), मानबेला में साफ सफाई, समस्त छोटे बड़े नालों की सफाई, कूड़ों का निस्तारण, सक्रमण रोगों व अन्य रोगों से बचाव के लिए चूना छिड़काव, फागिंग, सेनेटाईजेशन, मैलाथियान की डस्टिंग, ब्लीचिंग व सोडियम हाईपो क्लोराइट का छिड़काव किया गया। वहीं बशारतपुर वार्ड के ओमनगर कॉलोनी और अशोक नगर कॉलोनी में 62 सफाई कर्मचारियों के द्वारा वार्ड में विशेष साफ सफाई कराई गई।
मोहद्दीपुर गुरुद्वारे का निरीक्षण
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए मोहद्दीपुर गुरूद्वारा का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने गुरूद्वारा तक आने-जाने वाले मार्गों के क्षतिग्रस्त देखकर उसे बनाने का निर्देश दी। साथ ही पूरे परिसर को स्वच्छ एवं विसंक्रमित कराया।
23 सफाई कर्मचारी मिले अनुपस्थित
लेखा अधिकारी गिरिजेश बहादुर पाल और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी ने शनिवार को नरसिंहपुर, इलाहीबाग और रायगंज वार्डों का निरीक्षण किया। इस दौरान तीनों वार्ड में 23 सफाई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। डॉ. रस्तोगी ने बताया कि अनुपस्थित सफाई कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा गया। साथ ही चेतावनी दी कि अगली बार लापरवाही मिलने पर नौकरी से बर्खास्त कर दिया जाएगा।