रक्तदान शिविर में फीता काटने गए कांग्रेस नेता का 'ब्लडी झूठ', रक्तदान किया नहीं, मीडिया को भेज दी विज्ञप्ति
- साथियों के साथ रक्तदान करके मानव सेवा की बात कही लेकिन सच्चाई यह है कि मनीष ने रक्तदान नहीं किया
- कांग्रेस का गुणगान करते हुए कहा लॉकडाउन में भोजन व खाद्य सामग्री वितरित करते थे, अब साथियों के साथ रक्तदान कर रहे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस के पूर्व महासचिव मनीष कुमार ने रविवार को रक्तदान करने का झूठ बोला। अलहदादपुर के लाइफ लाइन ब्लड बैंक में जो शिविर सी एंड स्काई फाउंडेशन की ओर से आयोजित किया गया, उसे मनीष कुमार ने खुद के नेतृत्व का बता दिया। इसकी प्रेस रिलीज भी व्हाट्स एप के माध्यम से मीडिया को भेज दी।
प्रेस रिलीज में लिखा कि लॉकडाउन के दौरान लोगों की सेवा की गई और साथियों के साथ रक्तदान करके मानव सेवा का परिचय दिया है। सच्चाई यह है कि मनीष ने रविवार को रक्तदान ही नहीं किया। पूरे कार्यक्रम से कांग्रेस का कोई लेना देना नहीं था। वह मुख्य अतिथि के तौर पर सिर्फ फीता काटने आए थे।
सी एंड स्काई फाउंडेशन की ओर से रविवार को रक्तदान शिविर लगाया गया। इसका उद्घाटन कांग्रेस के पूर्व महासचिव मनीष कुमार ने किया। मनीष ने ही मीडिया को प्रेस रिलीज जारी की और लिखा कि कांग्रेस के पूर्व महासचिव के नेतृत्व में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ। कांग्रेस नेता ने यह नहीं लिखा कि पूरा कार्यक्रम फाउंडेशन का था।
हां, फाउंडेशन के सच्चिदानंद मौर्या को सहयोगी जरूर बताया लेकिन रिलीज में सारा श्रेय लेने की कोशिश में दिखे। रिलीज में कांग्रेस के सेवा सप्ताह का भी जिक्र किया। लिखा कि लॉकडाउन में दौरान भोजन, खाद्य सामग्री वितरित की गई। अब रक्तदाता दिवस पर साथियों के साथ रक्तदान करके मानव सेवा का परिचय दिया है।
कांग्रेस नेता ने रक्तदाताओं का नाम (सच्चिदानंद मौर्या, सत्येन्द्र मौर्या, संतोष मौर्या, सत्यदेव, चन्द मौर्या, जगदीश गुप्त, दीपक शाही, मोनू कुमार, धीरज कुमार, रवि कुमार गुप्ता, नीरज कुमार, सूरज कुमार, संतोष कुमार, मनोज शाह राम अवतार) भी लिखा लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि कोई भी रक्तदाता कांग्रेसी नहीं है। अंत में लिखा कि इस तरह का कार्यक्रम आगे भी करता रहूंगा।
सी एंड स्काई फाउंडेशन के निदेशक सच्चिदानंद मौर्य ने बताया कि किसी कांग्रेस कार्यकर्ता ने रक्तदान नहीं किया है। रक्तदाता फाउंडेशन से जुड़े हैं। मनीष कुमार मित्र हैं, सिर्फ उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया था। मनीष ने कुछ दिन पहले रक्तदान किया था, इसलिए इस रक्तदाता दिवस पर वे महादान नहीं कर सके। विज्ञप्ति भेजने में गड़बड़ी हुई है। पूरा कार्यक्रम फाउंडेशन का था, कांग्रेस का नहीं।
,
लाइफलाइन ब्लड बैंक के निदेशक प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि सी एंड स्काई फाउंडेशन की मदद से रक्तदान शिविर लगाया गया था। किसी कांग्रेसी ने रक्तदान किया, इसकी जानकारी बिल्कुल नहीं है। फाउंडेशन से जुड़े 32 लोगों ने रक्तदान किया है।
कांग्रेस नेता मनीष कुमार ने बताया कि रक्तदान शिविर का आयोजन सच्चिदानंद मौर्य ने किया था। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुआ और इसका उद्घाटन किया। मीडिया को जो विज्ञप्ति भेजी है, वह श्रेय लेने की कोशिश नहीं है। मेरे नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ था तो कांग्रेस के बारे में बोल दिया था। इसका जिक्र प्रेस विज्ञप्ति में है।