Gorakhpur News: गोरखनाथ मंदिर में होगा श्रीमद्भागवत कथा और सम्मेलन, श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क बस सेवा भी
गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि महंत दिग्विजयनाथ की 55वीं एवं ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की 10वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सप्तदिवसीय श्रद्धांजलि समारोह 15 सितंबर से 21 सितंबर तक सुबह 10ः30 बजे से गोरखनाथ मंदिर में संपन्न होगा।
श्रद्धांजलि समारोह के अंतर्गत 14 से 20 सितंबर तक अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक सप्तदिवसीय ‘श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान-यज्ञ’ का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में किया जाएगा।
व्यासपीठ पर गुरुधाम, वाराणसी से पधारे कथाव्यास स्वामी डॉ. राम कमलदास वेदांती के मुखारविंद से कथा अमृत की वर्षा होगी। 14 सितंबर को अपराह्न 2.30 बजे गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रतिष्ठित धर्माचार्य, साधु-संत के साथ अखंड ज्योति व श्रीमद्भागवत महापुराण की भव्य शोभायात्रा गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह से दिग्विजयनाथ स्मृति भवन कथा स्थल तक जाएगी।
श्रद्धांजलि समारोह के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि होंगे राज्यसभा उपसभापति
योगी कमलनाथ ने बताया कि साप्ताहिक श्रद्धांजलि समारोह के अंतर्गत पहले दिन 15 सितंबर को सुबह 10ः30 बजे उद्घाटन सत्र में ‘लोकतंत्र की जननी है भारत’ विषयक सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि हरिवंश नारायण सिंह उपसभापति, राज्यसभा उपस्थित रहेंगे। स्थानीय वक्ता प्रो. सदानन्द गुप्त पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, लखनऊ होंगे।
16 सितंबर को ‘विश्व की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर बढ़ता भारत’ विषयक सम्मेलन में बतौर मुख्य वक्ता प्रो. अमरेश दूबे, सेवानिवृत्त आचार्य, अर्थशास्त्र, जेएनयू, नई दिल्ली व स्थानीय वक्ता प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा, आचार्य रक्षा एवं स्त्रातजिक अध्ययन विभाग, गोरखपुर विश्वविद्यालय होंगे।
17 सितंबर को ‘सामाजिक समरसता: महायोगी गोरखनाथ और नाथपंथ के विशेष सन्दर्भ’ विषयक सम्मेलन में बतौर मुख्य वक्ता प्रो. ईश्वर शरण विश्वकर्मा, पूर्व अध्यक्ष, उच्च शिक्षा आयोग, प्रयागराज स्थानीय वक्ता डाॅ. पद्मजा सिंह प्राचीन इतिहास पुरातत्व एवं संस्कृत विभाग, गोरखपुर विश्वविद्यालय होंगे।
18 सितंबर को ‘संस्कृत एवं भारतीय संस्कृति’ विषयक सम्मेलन में बतौर मुख्य वक्ता प्रो. विनय कुमार पाण्डेय पूर्व अध्यक्ष, ज्योतिष विभाग एवं मानित निदेशक श्री विश्वनाथ मन्दिर, काशी हिंदू विश्वविद्यालय, वाराणसी और स्थानीय वक्ता डाॅ. लक्ष्मी मिश्रा सह आचार्य एवं समन्वयक, संस्कृत विभाग, गोरखपुर विश्वविद्यालय होंगे।
19 सितंबर को ‘भारतीय संस्कृति एवं गो-सेवा’ विषयक सम्मेलन में श्रीधराचार्य, महंतराघवाचार्य, डाॅ. राम विलास वेदांती बिलास वेदांती विचार व्यक्त करेंगे। इसके अलावा प्रतिदिन के सम्मेलन में संत, महात्मा जन का सानिध्य प्राप्त होगा।
20 सितंबर को महंत दिग्विजयनाथ की श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में मुख्य अतिथि महंत बालकनाथ, महंत शेरनाथ , डाॅ. राम विलास वेदांती सहित अनेक संत, महात्मा श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
21 सितंबर को महंत अवेद्यनाथ की श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में मुख्य अतिथि महंत बालकनाथ, महंत शेरनाथ, डाॅ. राम विलास वेदांती, सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और कई संत, महात्मा श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान-यज्ञ, सप्तदिवसीय सम्मलेन एवं श्रद्धांजलि सभा का लाइव प्रसारण गोरखनाथ मंदिर के फेसबुक पेज एवं यू-ट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए पांच रूटों पर निशुल्क बस सेवा
गोरखनाथ मंदिर में कथा सुनने वाले श्रद्धालुओं के लिए गोरखनाथ मंदिर की ओर से प्रतिदिन निशुल्क बस सेवा कथा स्थल तक लाने-ले जाने के लिए निर्धारित स्थानों से दोपहर 2.00 बजे से उपलब्ध होगी। यह बस सेवा इन पांच रूटों से मिलेगी।
- लालडिग्गीपार्क, बाबा चैनसिंह मंदिर, इलाहीबाग, सूर्यकुंड ओवरब्रिज, रामलीला मैदान अंधियारी बाग होते हुए गोरखनाथ मंदिर तक।
- मुंशी प्रेमचंद्र पार्क, टीडीएम चौराहा, रीड साहब धर्मशाला, शास्त्री चौक, गोलघर, धर्मशाला होते हुए गोरखनाथ मंदिर तक।
- मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गिरधरगंज, छात्रसंघ चौराहा, विश्वविद्यालय चौराहा, रेलवे स्टेशन महाराणा प्रताप तिराहा होते हुए गोरखनाथ मंदिर तक।
- गीता गार्डेन, धर्मपुर तिराहा, पादरी बाजार पुलिस चौकी, खजांची चौराहा, स्पोर्ट्स कॉलेज राणी सती मंदिर, जंगल नकहा ओवरब्रिज, रामनगर चौराहा होते हुए गोरखनाथ मंदिर तक।
- महेसरा, बरगदवा, राजेंद्रनगर होते हुए गोरखनाथ मंदिर तक।