गोरखपुर : सीएम योगी करेंगे 300 बेड के दो कोविड अस्पतालों की शुरुआत, ड्राई रन चलाकर जांची जाएगी तैयारी
गोरखनाथ विश्वविद्यालय में 200 और बड़हलगंज होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का बन रहा अस्पताल, 25 मई को दोनों कोविड अस्पतालों में ड्राई रन चलाकर जांची जाएगी तैयारी, डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण
विस्तार
गोरखपुर में कोरोना संक्रमण से वर्तमान में बचाव के साथ ही तीसरी लहर के लिए भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय में 200 बेड और बड़हलगंज होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में 100 बेड के कोविड अस्पताल को शुरू करने का काम आखिरी चरण में है। सब कुछ ठीक रहा तो 26 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दोनों कोविड अस्पतालों का शुभारंभ कर सकते हैं। इसे लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
जून महीने के आखिर तक एम्स में भी 200 बेड का कोविड अस्पताल शुरू हो जाएगा। जिला प्रशासन के मुताबिक गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय में 200 बेड के अस्पताल की व्यवस्था की गई है। इधर संक्रमितों की संख्या कम हो जाने से प्रशासन पहले 100 बेड से इस अस्पताल की शुरूआत करेगा। मरीज आने पर बाकी बचे 100 बेड पर भी भर्ती शुरू कर दी जाएगी।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, एसएसपी दिनेश कुमार पी और सीडीओ इंद्रजीत सिंह ने शुक्रवार को बड़हलगंज होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में बन रहे कोविड अस्पताल का निरीक्षण किया और कई जरूरी दिशा निर्देश दिए। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री गोरखनाथ विश्वविद्यालय के अलावा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज भी जा सकते हैं। हालांकि प्रशासनिक महकमा अभी मुख्यमंत्री के आगमन कार्यक्रम को लेकर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। अफसरों का सिर्फ यही कहना है कि 26 से दोनों कोविड अस्पतालों में कोरोना संक्रमितों का इलाज शुरू हो जाएगा।
उधर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुलदीप मीना और सदर तहसीलदार डॉ संजीव दीक्षित ने गोरखनाथ विश्ववविद्यालय परिसर में बन रहे कोविड अस्पतालों के डॉक्टरों के ठहरने व उनके खाने-पीने के इंतजाम में जुटे हैं। इस कोविड अस्पताल के लिए बाहर से डॉक्टर आएंगे। इनके ठहरने के लिए शहर के दो होटलों में करीब 60 कमरे आरक्षित किए जा रहे हैं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और सदर तहसीलदार ने शुक्रवार को दोनों होटलों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था जांची।
गोरखनाथ विश्वविद्यालय: केयर इंडिया करेगी 200 बेड के कोविड अस्पताल का संचालन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर केयर इंडिया, महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय में 200 बेड के अस्पताल का संचालन करेगी। इसपर आने वाले खर्च और संसाधनों को जुटाने में विमान बनाने वाली अंतरराष्ट्रीय कंपनी बोइंग समेत कई अन्य कंपनियां भी केयर इंडिया की मदद कर रही हैं। कंपनी के कई अधिकारी व कर्मचारी पिछले कुछ दिनों से शहर में ही कैंप किए हुए हैं और अपनी देखरेख में अस्पताल तैयार करा रहे हैं।
शुक्रवार को गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कोविड अस्पताल में गाड़ियों से कई वेंटीलेटर पहुंचे। डीएम के मुताबिक इस अस्पताल में वेंटीलेटर समेत 200 बेड की व्यवस्था कर दी गई है। मगर पहले 100 बेड पर ही मरीजों की भर्ती शुरू की जाएगी। इस अस्पताल में इलाज करने वाले सभी डॉक्टर और ज्यादातर पैरामेडिकल स्टॉफ दूसरे शहरों से तैनात किए गए हैं। इसके संचालन की पूरी व्यवस्था केयर इंडिया करेगी। जिला प्रशासन की निगरानी रहेगी।
बड़हलगंज कोविड अस्पताल: 50 बेड आईसीयू व 50 बेड ऑक्सीजन कंसंट्रेटर
होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में यहां 50 बेड आईसीयू व 50 बेड ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की शुरुआत की जा रही है। पहले चरण में अलग से 25 वेंटीलेटर की व्यवस्था भी की जा रही है। ऑक्सीजन पाइपलाइन बिछाने का काम जल्द पूरा हो जाएगा। पहले चरण में 15 डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए रविवार से बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्रो. डॉ राजकिशोर की देखरेख में चिकित्सकों व कर्मचारियों को कोविड की ट्रेनिंग दी जाएगी।
अस्पताल में हर दो बेड पर एक नर्स, हर चार बेड पर एक वार्ड ब्वाय, हर दस बेड पर एक स्वीपर की तैनाती होगी। वहीं परिसर में विद्युत आपूर्ति के लिए 200 केवी का जेनरेटर भी लगाया जा रहा है। अस्पताल में मरीजों के साथ रहने वाले तीमारदारों के भोजन की भी निशुल्क व्यवस्था रहेगी। साथ ही एक्सरे, पैथोलॉजी की भी सुविधा होगी। डीएम ने बताया कि अस्पताल के लिए ऑक्सीजन प्लांट गुजरात से चल दिया है। दो जून तक इसके यहां पहुंच जाने की उम्मीद है। दो एंबुलेंस की भी व्यवस्था की जाएगी।
कॉलेज परिसर में स्थापित होगी पुलिस चौकी, हेलीपैड का किया निरीक्षण
निरीक्षण के लिए डीएम के साथ पहुंचे एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार पांडेय को अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस चौकी स्थापित करने को कहा। इसके बाद अधिकारियों ने 26 मई को मुख्यमंत्री के संभावित मेडिकल कॉलेज दौरे को लेकर हेलीपैड बनाने के लिए रामजानकी मार्ग पर जगह का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी ने डीएम को खड़ेसरी-मुजौना बांध के कमजोर होने की बात कही। जिस पर उन्होंने मौके पर उपस्थित सीडीओ इंद्रजीत सिंह से मनरेगा से बांध के मरम्मत कराने का निर्देश दिया। वहीं ऑक्सीजन पाईपलाईन का काम कर रहे आरक्यू हेल्थकेयर के कर्मचारियों से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया।
गोला, उरुवां व गगहा स्वास्थ्य केंद्र पर 50 बेड का अस्पताल
डीएम ने बताया कि जल्द ही गोला, उरुवां व गगहा स्वास्थ्य केंद्रों पर भी 50-50 बेड का एलवन कोविड अस्पताल बनाया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां चल रही हैं। प्रशासन की कोशिश है कि हर पांच किलोमीटर पर एक कोविड अस्पताल तैयार किया जाए । निरीक्षण के दौरान एसडीएम राजेंद्र बहादुर, सीओ अंजनी कुमार पाठक, बीडीओ अनिल सिंह, पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी समेत कई डॉक्टर आदि मौजूद रहे।
एम्स: जून तक शुरू होगा कोविड अस्पताल
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि एम्स में कोविड अस्पताल की तैयारियां चल रही हैं। जून के आखिरी तक वहां भी 200 बेड का कोविड अस्पताल संचालित होने लगेगा।
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय में 200 बेड का कोविड अस्पताल तैयार किया गया है। केयर इंडिया इसका संचालन करेगी। 26 मई को शुरूआत 100 बेड से होगी, मरीज बढ़ने पर बाकी बेडों पर भी भर्ती की जाएगी। इसके साथ ही होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में भी 100 बेड के कोविड अस्पताल की शुरूआत होगी। इसे लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। बाहर से डॉक्टर बुलाए गए हैं। 25 मई को दोनों जगह ड्राई रन चलाकर तैयारियां परखी जाएंगी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अभी शासन की तरफ से कोई अधिकृत सूचना नहीं है।
गोरखपुर में 21 मई तक कोविड अस्पताल व बेडों की स्थिति
कुल कोविड अस्पताल- 42
कुल बेडों की संख्या- 2056
ऑक्सीजन वाले बेड- 301 खाली
बाइपेप बेड- 28 खाली
वेंटिलेटर- 13 खाली
हाइफ्लो ऑक्सीजन बेड- एक खाली
कुल खाली बेड- 343