गोरखपुर में बोले सीएम योगी: 'कांग्रेस को रसातल में ले जाने को भाई-बहन की जोड़ी ही काफी'
राहुल-प्रियंका का नाम लिए बगैर ही मुख्यमंत्री ने कसा तंज, बोले, लखीमपुर की घटना में दोषी कोई भी हो, कठोरतम कार्रवाई तय, विपक्ष ब्राह्मण या हिंदुओं का नहीं, सिर्फ तालिबान का हितैषी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लखीमपुर खीरी की घटना और विपक्ष की लामबंदी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम लिए बगैर ही तंज कसा और कहा कि भाई-बहन की जोड़ी कांग्रेस को रसातल में ले जाने के लिए काफी है। जो नेता लखीमपुर खीरी की घटना पर आंसू बहा रहे हैं, उन्हें जम्मू-कश्मीर की घटनाओं पर भी बोलना चाहिए। ये वही लोग हैं, जो तालिबान का समर्थन करते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को योगी गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लखीमपुर खीरी की घटना पर पहली बार खुलकर बोले। मुख्यमंत्री ने कहा कि लखीमपुर की घटना दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। कानून सबको सुरक्षा की गारंटी देता है, लेकिन कानून हाथ में लेने की छूट किसी को नहीं है। सरकार लखीमपुर की घटना के तह तक जा रही है। गिरफ्तारी के लिए सुप्रीम कोर्ट की रूलिंग को फॉलो किया जा रहा है। दोषी कोई भी क्यों न हो, उसे छोड़ेंगे नहीं। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
सीएम ने कहा कि सरकार कुछ भी छुपाना नहीं चाहती है। जो तहरीर आई, उसी के अनुसार मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी भी शुरू हो गई है। जिसके खिलाफ पुख्ता साक्ष्य मिलेगा, उसकी गिरफ्तारी होगी। कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी, लेकिन किसी के दबाव में कुछ नहीं होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईटी गठित की गई है। न्यायिक आयोग भी जांच करेगा। साक्ष्य जुटाने के लिए फोन नंबर जारी किए गए हैं।
विपक्ष ब्राह्मण या हिंदुओं का नहीं, सिर्फ तालिबान का हितैषी
विपक्ष के लोगों को लखीमपुर जाने से रोकने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए शांति व्यवस्था महत्वपूर्ण है। विपक्ष के मित्रगण सद्भावना के दूत नहीं थे। संभव है कि कई चेहरे वहां की हिंसा में भी शामिल रहे होंगे। लखीमपुर जाने से रोके जाने के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा की तरफ से झाड़ूू लगाने की बात पर मुख्यमंत्री ने तंज कसा और कहा कि जनता ने उसी लायक बना दिया है।
ब्राह्मण विरोधी होने का आरोप लगाने वालों पर मुख्यमंत्री ने पलटवार किया और कहा कि ऐसे लोग ब्राह्मणों और हिंदुओं के नहीं, सिर्फ तालिबान के हितैषी हैं। लखीमपुर की दुखद घटना में जान गंवाने वाले दो युवक ब्राह्मण थे, लेकिन विपक्ष के लोग वहां क्यों नहीं गए? राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव और सतीश चंद्र मिश्रा के पास क्या इसका जवाब है? कन्नौज में नीरज मिश्रा की निर्मम हत्या कोई भूल सकता है? क्या वह ब्राह्मण नहीं थे? तब ये लोग कहां थे? अब्बाजान वाली टिप्पणी पर कहा कि मैंने किसी का नाम नहीं लिया था, लेकिन इसका मकसद कुछ लोगों के दोहरे आचरण को सामने लाना था। यह असंसदीय शब्द नहीं है और विधान परिषद में सपा के नेता अहमद हसन ने भी ऐसा माना था।
तालिबान का समर्थन करने वाले कर रहे घटना का राजनीतिकरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा लखीमपुर की घटना का राजनीतिकरण वही लोग कर रहे हैं, जो काबुल में तालिबान का समर्थन करते हैं। तालिबान को लोकतंत्र का समर्थक बताने वाले ही लखीमपुर की घटना के बहाने हिंदुओं व सिखों को लड़ाने की साजिश रच अपना दोहरा चरित्र दिखा रहे हैं। पर, यूपी की जनता सब कुछ जानती है। विपक्ष के नेताओं पर लखीमपुर के पीड़ितों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। लोग सरकार की पहल से संतुष्ट हैं और इस पर राजनीति नहीं चाहते हैं।
अखिलेश जब तक जागते हैं, तब तक कार्रवाई हो जाती
मुख्यमंत्री ने सपा प्रमुख को भी निशाने पर लिया और कहा कि अखिलेश यादव जब तक सोकर उठते हैं, तब तक कार्रवाई हो चुकी होती है। अखिलेश दोपहर 12 बजे सोकर उठेंगे। दो बजे तैयार होंगे, चार बजे मित्र मंडली के साथ बैठेंगे, छह बजे साइकिलिंग करेंगे। बड़े बाप के बेटे हैं, उन्हें देश-दुनिया से क्या मतलब? वह छुट्टी लेकर आस्ट्रेलिया के किसी द्वीप पर मटरगश्ती करें। खुशी होगी कि यूपी का एक व्यक्ति अब प्रवासी भारतीय हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें छुट्टी लेनी होती तो वह सार्वजनिक जीवन में नहीं आते।
जो रामकृष्ण को नहीं छोड़ते, उनसे कोई उम्मीद नहीं
राहुल गांधी के एक ट्वीट व योगी आदित्यनाथ को संत न मानने की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल को स्वयं पता नहीं होता कि वह क्या बोलने वाले हैं। जिस यूपी ने उनकी तीन पीढ़ियों को सत्ता के शीर्ष पर पहुंचाया, उस यूपी को वह केरल में जाकर गाली देते हैं। इसे यूपी कैसे भूल सकता है? अयोध्या में प्रभु श्रीराम के मंदिर को लेकर सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस की टिप्पणी को कोई कैसे भूल सकता है। जो लोग राम-कृष्ण को नहीं छोड़ते, वे मेरे खिलाफ बोलें तो कौन सी बड़ी बात है।
हमारी वैचारिक विजय
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम को अपना बताने की विपक्षी दलों के नेताओं में होड़ है। ये वही लोग हैं, जो कभी प्रभु श्रीराम को काल्पनिक बताते थे। यह हमारी वैचारिक विजय है। एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी को नसीहत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या वहीं रहेगी। हैदराबाद भाग्यनगर जरूर बनेगा।
शिवपाल और अमरिंदर की तारीफ
एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व सपा से अलग होकर अपनी पार्टी बनाने वाले शिवपाल सिंह यादव की तारीफ की। कहा कि अमरिंदर सिंह साफगोई से अपनी बात रखने व जनाधार वाले नेता हैं। सपा के लिए शिवपाल सिंह यादव के योगदान को नकारा नहीं जा सकता है। लखीमपुर जाने की ही बात है तो शिवपाल के साथ करीब पांच हजार लोग थे, जबकि अखिलेश यादव के साथ बमुश्किल तीन सौ। जहां पिता और चाचा का सम्मान नहीं, वहां पार्टी सदस्यों व जनता के साथ कैसा व्यवहार होगा?
यह नया भारत है, अब पलायन नहीं करेंगे कश्मीरी
कश्मीर में हुई घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नब्बे के दशक की बात अब बहुत दूर हो चली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह मजबूत नया भारत है। अब कश्मीरी पलायन नहीं करेंगे। जिसने भी देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा से खिलवाड़ किया, उसे गंभीर परिणाम भुगतना होगा। यूपी पर सवाल उठाने वाले ओवैसी यदि कश्मीर में भी सहानुभूति व्यक्त कर देते तो लोग उन्हें नेता मान लेते।
अशरफ नाम है तो अनिल मत बताइए
धर्मांतरण कानून को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा के माध्यम से धर्मांतरण की सौदेबाजी नहीं की जा सकती है। गोरक्षपीठ तो 1932 से शिक्षा और सेवा का केंद्र चलाती है, लेकिन वहां तो किसी की जाति या मजहब नहीं पूछा जाता। गुरुद्वारे में किसी भी जाति, मजहब का व्यक्ति लंगर में बैठ सकता है। फिर जाति और मजहब के नाम पर प्रलोभन क्यों? इसी तरह केरल हाईकोर्ट ने तो बहुत पहले ही कह दिया था कि लव जेहाद खतरनाक है। हमने तय किया है कि अशरफ नाम है तो अनिल मत बनाइए।
पीएम मोदी का एक लक्ष्य किसानों का हित
सरकार ने काम किया है तो वोट दें
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने हमारी सरकार का काम देखा है। साढ़े चार साल में एक भी दंगा नहीं हुआ है। सरकार ने काम किया है तो वोट दें। नहीं किया है तो खारिज कर दें, हमें कोई आपत्ति नहीं होगी।
पंजाब व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को भी घेरा
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ व पंजाब के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। साथ ही कहा कि जो लोग अपना राज्य नहीं संभाल पा रहे हैं, वे अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए अपने आका की चाकरी करने चले आए हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को वहां के किसानों से सहानुभूति जताने की फुर्सत नहीं है। पंजाब के मुख्यमंत्री पार्टी की आंतरिक स्थिति से इतने त्रस्त हैं कि उन्हें ठिकाना नहीं मिल पा रहा है।