गोरखपुर: सीएम योगी ने की जिले की प्रमुख सड़कों के निर्माण की समीक्षा, बोले- नवंबर तक पूरा कराएं काम
- 40 फीसदी ही पूरा हुआ गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन निर्माण, मुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी
- इसी महीने बाघागाड़ा से आगे तक की सड़क पर भी शुरू हो जाएगा निर्माण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले की प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि हर हाल में नवंबर तक शहरी क्षेत्र के भीतर मोहद्दीपुर-जंगल कौड़िया और मेडिकल कॉलेज फोरलेन के साथ-साथ नाला निर्माण का भी काम पूरा कर लिया जाए ताकि लोगों को ज्यादा दिक्कत न झेलनी पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश का मौसम खत्म होने को है लिहाजा अब काम की रफ्तार बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने मजदूरों की संख्या दो गुना कर दो शिफ्ट यानी दिन-रात काम कराने का निर्देश दिया।
इसी तरह गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन निर्माण की धीमी गति पर उन्होंने एक बार फिर कड़ी नाराजगी जताई। इस फोरलेन निर्माण का अभी 40 फीसदी काम ही पूरा हो सका है।
उन्होंने मजदूर व अन्य जरूरी संसाधन बढ़ाकर इसके निर्माण कार्य में भी तेजी लाने का निर्देश दिया। डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि गोरखपुर से सटे बाघागाड़ा से बेलीपार की तरफ भी इसी महीने फोरलेन निर्माण का काम शुरू हो जाएगा।
डीएम ने बताया कि बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को शहर के बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने तथा महराजगंज से गोरखपुर फोरलेन में बने यूटीलिटी डॉक में तारों को डालने का निर्देश दिया। डीएम ने बताया कि शहर में बिजली के तार अंडरग्राउंड करने के लिए 10 करोड़ रुपये भी स्वीकृत हो गए हैं। उन्होंने नगर निगम और नगर निकायों में स्वीकृत 93 सड़कों और नाली की परियोजना का कार्य तत्काल शुरू कराने को कहा।
कोरोना: डोर-टू-डोर सर्वे पर जोर
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मुख्यमंत्री ने डोर-टू-डोर सर्वे पर बल देते हुए कहा कि बुजुर्ग, गंभीर बीमारियों से ग्रसित, को-मारविट के मरीजों सहित बच्चों, गर्भवती महिला की विशेष निगरानी की जाए। ऐसे लोगों की समय से जांच कराते हुए उनका जल्द से जल्द से उपचार भी किया जाए। डीएम ने मुख्यमंत्री को बताया कि मेडिकल कॉलेज स्थित बाल चिकित्सा संस्थान में मरीजों की भर्ती शुरू हो गई है। इसी के साथ अब मेडिकल कॉलेज में 200 से बढ़कर 500 बेड की सुविधा हो गई है।
19 को होगा कालेसर-जंगल कौड़िया फोरलेन बाईपास का लोकार्पण
डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि कालेसर-जंगल कौड़िया फोरलेन बाईपास का 19 को वर्चुअल कार्यक्रम के तहत दिल्ली से केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकार्पण करेंगे। स्थानीय स्तर पर इस बाईपास रोड पर स्थित टोल प्लाजा पर भी एक कार्यक्रम का आयोजन होगा जहां सोशल डिस्टेंसिंग के बीच स्थानीय जनप्रतिनधि के साथ ही 100 लोगों को बुलाया गया है। 17.66 किलोमीर लंबे इस फोरलेन बाईपास के निर्माण पर करीब 531 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
डीएम ने बताया कि फोरलेन बाईपास पर चार पुल और 12.4 किलोमीटर की सर्विस लेन भी बनाई गई है। इसके निर्माण के बाद लखनऊ से सोनौली जाने वालों या फिर सोनौली से लेकर जंगल कौड़िया तक के बीच के लोगों को लखनऊ जाने के लिए गोरखपुर होकर नहीं जाना पड़ेगा। यही नहीं उनकी यात्रा की दूरी तो घटेगी ही, जाम से भी राहत मिलेगी। बाईपास पर आवागमन करीब दो महीने पहले ही शुरू हो गया है। 12 अगस्त से टोल प्लाजा पर टैक्स भी वसूला जा रहा है।