गोरखपुर: अमर उजाला-ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में मंडल क्रिकेट एसोसिएशन चैंपियन
फाइनल मैच में डीए स्पोर्ट्स एकेडमी को पांच विकेट से हराया, मुख्य अतिथि नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने विजेता टीम को 51 हजार रुपये का चेक और विजेता ट्रॉफी प्रदान की, उप विजेता डीए स्पोर्ट्स एकेडमी को 21 हजार रुपये का चेक और उपविजेता की ट्रॉफी मिली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मंडल क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए), अमर उजाला-ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता की चैंपियन बनी है। एमसीए ने लक्ष्य का पीछा करते हुए रोमांचक मुकाबले में डीए स्पोर्ट्स एकेडमी को पांच विकेट से हराया है। उप विजेता का खिताब डीए स्पोर्ट्स एकेडमी को मिला है। विजेता टीम को 51 हजार रुपये का पुरस्कार और ट्रॉफी मिली है। उप विजेता टीम को 21 हजार रुपये का पुरस्कार और ट्रॉफी मिली है। दोनों टीमों को नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने सम्मानित किया। ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता अब प्रत्येक वर्ष आयोजित की जाएगी।
सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड पर बृहस्पतिवार को अमर उजाला-ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर डीए स्पोर्ट्स एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। सलामी बल्लेबाज अंकुर लखमानी के धुआंधार 26 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 42 रन बनाए। शैलेंद्र यादव ने 23, कप्तान राहुल सिंह ने 16, प्रशांत सिंह ने 15 रनों की पारा खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। डीए स्पोर्ट्स की टीम ने आठ ओवर तक ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और 86 रन बना डाले।
हालांकि, गेंदबाजी कर रही एमसीए की टीम ने वापसी की और स्पिनरों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत डीए स्पोर्ट्स को बहुत बड़ा स्कोर नहीं खड़ा करने दिया। डीए स्पोर्ट्स एकेडमी ने नौ विकेट के नुकसान पर 143 रन का लक्ष्य दिया। मंडल की ओर से प्रशांत ने तीन, अनुराग यादव ने दो, अन्नू, विजय और आनंद ने एक-एक विकेट हासिल किया। 144 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमसीए की टीम ने धीमी, लेकिन सधी शुरुआत की।
अन्नू ने कप्तानी पारी खेली और 47 रनों का योगदान दिया। जब एमसीए की टीम दबाव में थी, तब विजय यादव ने छक्के मारकर टीम का उत्साह बढ़ाया। विजय ने नाबाद 35 रनों की पारी खेली है। प्रशांत सिंह ने 31 और आनंद दूबे ने 26 रनों का योगदान किया है। डीए स्पोर्ट्स एकेडमी के कप्तान राहुल ने दो, पंकज उपाध्याय और आकाश त्रिपाठी ने एक-एक विकेट चटकाए हैं।
एमसीए का विजय अभियान जारी
एमसीए का विजय अभियान फाइनल मैच में भी जारी रहा। टीम ने जिला स्तरीय मुकाबलों से लेकर मंडल स्तरीय मुकाबलों में एक भी मैच नहीं गंवाया। मंडल स्तरीय मुकाबले में पहले यूनिटी क्लब महाराजगंज तो सेमीफाइनल में एनबी स्पोर्ट्स देवरिया को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
चैंपियन की तरह खेली डीए स्पोर्ट्स मगर फाइनल में चूकी
डीए स्पोर्ट्स एकेडमी ने सभी मुकाबलों को चैंपियन की तरह खेला है। टीम को खिताब का प्रबल दावेदार भी माना जा रहा था। पहले बल्लेबाजी, फिर गेंदबाजी व क्षेत्ररक्षण में अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन जीत का स्वाद नहीं मिल सका। इसी का नतीजा रहा कि टीम उप विजेता बनकर रह गई।
मैन ऑफ द सीरीज : डीए स्पोर्ट्स एकेडमी के संदीप मित्तल
बेस्ट बैट्समैन : एमसीए के अन्नू
बेस्ट बॉलर : एमसीए के प्रशांत सिंह
दो चरणों में हुई प्रतियोगिता
अमर उजाला-ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता दो चरणों में हुई है। पहला चरण 28 से 31 मार्च तक चला है। इसके तहत गोरखपुर-बस्ती मंडल के सातों जिलों में मुकाबले खेले गए। जो टीमें विजेता बनीं, उन सबको मंडल स्तरीय मुकाबले के लिए गोरखपुर बुलाया गया। गोरखपुर के सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड पर 4 से 7 अप्रैल तक मुकाबले खेले गए। फाइनल में गोरखपुर की ही दो टीमें डीए स्पोर्ट्स एकेडमी और एमसीए की टीमें पहुंचीं थीं।
स्कोर बोर्ड
डीए स्पोर्ट्स एकेडमी : 143/9, 20 ओवर
खिलाड़ी रन गेंद 4/6
अंकुर लखमानी 42 26 9/0
प्रशांत सिंह 15 10 2/1
संदीप मित्तल 7 5 0/1
राहुल सिंह 16 9 2/1
शैलेंद्र यादव 23 29 1/0
पंकज शुक्ला 13 16 1/0
आदित्य पांडेय 2 6 0/0
प्रिंस शाही 8 4 1/0
विशाल मद्धेशिया 1 2 0/0
आकाश त्रिपाठी 4 5 0/0
पंकज उपाध्याय 2 2 0/0
गेंदबाजी : मंडल क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए)
खिलाड़ी विकेट ओवर रन
अनुराग यादव 2 4 37
संचित 0 3 20
प्रशांत 3 4 33
अन्नू 1 4 33
विजय यादव 1 4 16
आनंद दूबे 1 1 4
मंडल क्रिकेट एसोसिएशन : 147/5, ओवर 19.4
खिलाड़ी रन गेंद 4/6
अन्नू 47 37 5/1
शुभम जी राव 4 12 0/0
आनंद दूबे 26 23 2/0
प्रशांत श्रीवास्तव 31 18 1/3
विजय यादव 35 21 3/1
अजय 1 1 0/0
अनुराग 0 0 0/0
गेंदबाजी : डीए स्पोर्ट्स एकेडमी
खिलाड़ी विकेट ओवर रन
राहुल सिंह 2 4 19
प्रिंस शाही 0 4 28
पंकज उपाध्याय 1 4 26
संदीप मित्तल 0 3.4 37
आकाश त्रिपाठी 1 4 36
अनुशासित नहीं तो जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल कर पाना कठिन : अविनाश सिंह
एक खिलाड़ी के जीवन में अनुशासन की बहुत अहमियत होती है। आप अनुशासित नहीं हैं तो जीवन में कोई भी बड़ा लक्ष्य आप हासिल नहीं कर सकते हैं। लक्ष्य मिल भी गया तो आप उसे ज्यादा दिनों तक संजो कर नहीं रख सकते हैं। खिलाड़ी एकाग्रचित होकर खेलें। क्रिकेट ऐसा खेल है, जिसे मन से खेलना पड़ता है। यह कहना है नगर आयुक्त अविनाश सिंह का। वह मुख्य अतिथि के तौर पर अमर अमर उजाला-ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में बोल रहे थे।
नगर आयुक्त ने कहा कि मेरठ में तैनाती के दौरान प्रवीण कुमार, मो. कैफ और रैना को खेलते देखा है। सब अनुशासित थे। इसी का नतीजा रहा कि आगे चलकर किसी को टेस्ट कैप तो किसी को वन-डे कैप मिली। राष्ट्रीय खिलाड़ी भी हमारी तरह ही होते हैं। सरकार खेलों को बढ़ावा देने का काम कर रही है। विशिष्ट अतिथि व आईजीएल गीडा के प्रबंधक प्रशासन डॉ. सुनील मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री खेलों को बढ़ावा देने के लिए सकारात्मक प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के लिए अच्छा माहौल बन रहा है।
बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पदक विजेताओं को अच्छी पुरस्कार राशि और नौकरी प्रदान की जा रही है। भारतीय युवक संघ के संरक्षक श्रवण सिंह ने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं से अच्छे खिलाड़ियों को मंच मिलने से उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे। निचले स्तर से खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया को बेहतर बनाने और बढ़ावा देने के प्रति सभी का ध्यान होना चाहिए। भूमि शक्ति के निदेशक सौरभ मिश्रा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया है। वीएस बंधन इंफ्रा सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के अभिषेक पाठक ने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय : गजेंद्र
यूपीसीए के सलाहकार गजेंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए आजीवन कार्य किया है। आगे भी करता रहूंगा। अच्छी प्रतियोगिता देखने को मिली है। अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी का खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया। हॉकी संघ यूूपी के उपाध्यक्ष धीरज सिंह हरीश ने कहा कि जिला और मंडल स्तरीय मुकाबलों के सफल आयोजन हुआ है। आगे भी खेल को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
शफीक सिद्दीकी की भूमिका अहम
मंडल क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के उपाध्यक्ष शफीक सिद्दीकी ने आयोजन में अहम भूमिका निभाई है। मुख्य अतिथि व नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने विजेता डीए स्पोर्ट्स एकेडमी को 51 हजार नकद और विजेता ट्रॉफी, उप विजेता डीए स्पोर्ट्स एकेडमी को 21 हजार नकद और उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की है। अंपायर अमजद हुसैन, सुनील शर्मा, स्कोरर फिरोज राजू और कमेंटेटर विशाल ने भी विशेष सहयोग किया है।
आईपीएल सा रहा माहौल
सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज क्रिकेट ग्राउंड पर लगे हर चौके-छक्के पर जश्न मनाया गया। आईपीएल की धुन बजी और माहौल रोमांचक हो गया। विकेट गिरा तो भी धुन बजाई गई। भांगड़ा-ढोल बजता रहा और खिलाड़ी के साथ खेल प्रेमी झूमते रहे। पुरस्कार वितरण के दौरान आतिशबाजी भी हुई। इससे खिलाड़ी व खेल प्रेमी गदगद दिखे।