पंचायत चुनाव का असर: विपक्षी को वोट देने को लेकर बवाल, जमकर चले ईंट-पत्थर, छह घायल
एक राहगीर बुजुर्ग की हालत गंभीर, गांव में फोर्स तैनात की गई, गुलरिहा इलाके के खुटहन खास गांव में हुई घटना, घायलों को इलाज के लिए भेजा गया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के गुलरिहा इलाके के खुटहन खास गांव के शाहपुर टोला में शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे विपक्षी को वोट देने की बात पर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों से ईंट-पत्थर चले जिसमें एक राहगीर बुजुर्ग समेत छह लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पर गुलरिहा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। गांव में एहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई है। बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम प्रधान पद के लिए गांव के इंद्रमणि यादव एवं रामदास निषाद प्रत्याशी थे। मतदान के दिन दोनों पक्षों में हल्की-फुल्की झड़प हुई थी। आरोप है कि शुक्रवार की सुबह इंद्रमणि यादव के पुत्र संतोष यादव ग्रामीण राजकुमार शर्मा को उनके पक्ष में वोट नहीं देने की बात कहते हुए उलझ गए। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग गोलबंद होकर आमने-सामने हो गए।
देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे। गांव में भगदड़ सा माहौल हो गया। विवाद में गोविंद मद्धेशिया का सिर फट गया। भोला बेलदार समेत छह लोग चोटिल हो गए हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दी गई है। सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि दो महिला, चार पुरुष समेत छह लोग घायल हैं । घायलों का इलाज चल रहा है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
सिपाही से मारपीट करने का केस दर्ज
कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के खड़खड़िया गांव में मतदान ड्यूटी पर तैनात सिपाही से मारपीट करने का मामला सामने आया है। सिपाही रामविलास यादव ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि अज्ञात युवक ने उनकी रायफल छीनकर जमीन पर पटक दी थी, जिससे उसका बट टूट गया। इसके बाद ग्रामीण एकजुट होकर हमलावर हो गए।
किसी तरह से वह से बच के निकले। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं गुरुवार को सिपाही पर ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि अरविंद गुप्ता को सिपाही ने बट से मार दिया जिससे वह चोटिल हो गया था। इसके बाद मामला बिगड़ा था। फिलहाल पुलिस ने अरविंद का शांतिभंग में चालान कर दिया है।