BRD मेडिकल कॉलेज कैंपस घोषित हुआ रेड जोन, ये है बड़ी वजह
बीआरडी मेडिकल कॉलेज कैंपस को डीएम के. विजयेंद्र पांडियन ने बृहस्पतिवार को रेड जोन घोषित कर दिया है मेडिकल कॉलेज के पीछे हाइडिल के पास दीवार को ऊंचा करते हुए क्षतिग्रस्त दीवार को ठीक कराने की बात कही है।
डीएम के. विजयेंद्र और एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता बृहस्पतिवार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। सबसे पहले कोविड-19 ब्लॉक गए और भर्ती मरीजों की जानकारी ली। इसके बाद कॉलेज के बीच हाइडिल के पास चली दीवार और मेडिकल परिसर के टाइप-वन और टू के आवासों की जानकारी भी ली।
यहां उन्हें बताया गया कि कुछ जगहों पर दीवारें क्षतिग्रस्त कर दी गई हैं। इस पर डीएम ने कहा कि हाइडिल के पास स्थित दीवार को ऊंचा करके क्षतिग्रस्त दीवारों को जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाएगा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज गेट पर अवैध रूप से ठेला लगा रहे दुकानदारों को हटाने के निर्देश दिया है। इसकी जिम्मेदारी मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी को दी गई है।
मरीज के साथ एक व्यक्ति को मिलेगी अनुमति
कैंपस रेड जोन घोषित होने के बाद अब मरीज के साथ केवल एक व्यक्ति को ही रहने की अनुमति मिलेगी। कोविड-19 एरिया में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा किसी को भी जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बीआरडी के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि अगर कॉलेज कैंपस में कोई भी व्यक्ति बेवजह घूमता हुआ मिलता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कैंपस रेड जोन घोषित हो चुका है। ऐसे में केवल डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मी और मरीज ही कैंपस में आ-जा सकते हैं।
मेडिकल कॉलेज से चलाई जाएगी प्री-पेड टैक्सी
मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी में आ रहे मरीजों को किसी तरह एंबुलेंस से परिजन लेकर आ तो जा रहे हैं लेकिन इलाज के बाद उनके जाने की कोई व्यवस्था नहीं हो पा रही है। मरीजों और तीमारदारों की इस परेशानी को देखते हुए डीएम ने मेडिकल कॉलेज से प्री-पेड टैक्सी चलाने का फैसला किया।
पुलिसकर्मियों को दिया गया सैनिटाइजर व मास्क
डीएम और एसएसपी ने मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को हैंड ग्लव्स, सैनिटाइजर व मास्क उपलब्ध कराए। इस मौके पर एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ, सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्तव मौजूद रहे।