गोरखपुर: मीट का दाम मांगना युवक को पड़ा भारी, नाराज शख्स ने मार दी गोली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां करमैनी जगदीशपुर गांव में मीट के लिए दो पक्षों में बवाल हो गया। दोनों पक्ष के लोग हमलावर हो गए। इसी दौरान एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली गांव के इल्ताफ के बेटे सूरज (20) के पेट में जा लगी, वह नीचे गिरकर तड़पने लगा।
घटना से आक्रोशित लोगों ने आरोपित को दौड़ा लिया। वह तो फरार हो गया मगर उसके तीन साथियों को ग्रामीणों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान बचने के लिए आरोपितों ने ईंट चलाया जिससे दो और लोग जख्मी हो गए।
गंभीर रूप से घायल सभी छह लोगों को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को उठाया है। हालांकि किसी की तरफ से तहरीर ना आने की वजह से केस दर्ज नहीं हो सका है।
मारपीट में इम्तियाज (30), खजाउद्दीन (40) दूसरे पक्ष के असलम (50), सोनू खान (22), धबेलाल (20) को गंभीर चोट आई है। जानकारी के मुताबिक, करमैनी जगदीशपुर निवासी इल्ताफ और इश्तेहाक मीट काटने का काम करते हैं। दोनों के बेटे भी इसी धंधे में हैं।
आरोप है कि बुधवार की दोपहर गांव के असलम, संजय, अब्दुल आदि आए और इल्ताफ से बकरे का मीट काटने की बात कही। इल्ताफ के बेटे सूरज (20) ने मीट का दाम ना देने का आरोप लगाते हुए काटने से मना कर दिया। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया और फिर मारपीट होने पर असलम पक्ष के लोगों ने अपने और साथियों को बुला लिया।
आरोप है कि इसी दौरान असलम पक्ष की ओर से फायरिंग की गई, गोली सूरज के पेट में जा लगी। गोली चलते ही इल्ताफ पक्ष के लोग हमलावर हो गए और गांव वालों की मदद से मारपीट कर आरोपित के साथ आए असलम, सोनू, बेलाल को घायल कर दिया।
आरोपित द्वारा चलाए गए ईंट से खजाउद्दीन, इम्तिजयाज भी जख्मी हो गए। हालांकि स्थानीय पुलिस अभी गोली चलने की घटना को संदिग्ध मान रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्ष में मारपीट हुई है। गोली की पुष्टि नहीं हुई है।
नार्थ एसपी अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है। जिसके बाद एक पक्ष का कहना है कि दूसरे पक्ष ने गोली चलाई है। एक युवक घायल है, उसके पेट में चोट है। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।