भाजपा में वंशवाद नहीं, कार्यकर्ता आधारित पार्टी : स्वतंत्र देव सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा में वंशवाद की कोई जगह नहीं है। यह कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। 2022 का विधानसभा चुनाव नेता या प्रत्याशी के नाम पर नहीं लड़ना है। पूरा चुनाव संगठन के दम पर लड़ेंगेेेे और प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे। इसलिए बूथ और सेक्टर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता समन्वय बनाकर काम करें। निश्चित ही सकारात्मक नतीजा आएगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बुधवार को गोरखपुर की जिला व महानगर इकाई के साथ महाराजगंज के जिलाध्यक्षों, मंडल प्रभारियों के साथ बेनीगंज स्थित कार्यालय में बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष का जोर मिशन 2022 की तैयारियों पर रहा। उन्होंने कहा कि संगठन और कार्यकर्ता का विस्तार जरूरी है। संपर्क और सामंजस्य बनाकर काम करना है। पार्टी हमारी मां के समान है।
केंद्र और यूपी की भाजपा सरकार ने भारत माता का मान-सम्मान बढ़ाया है। मनीषियों की पार्टी को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी ने परिश्रम से बनाया है। संगठन में काम करने वाले इन्हीं महापुरुषों से प्रेरणा लें और कार्यकर्ताओं का निर्माण करें। आगामी विधानसभा चुनाव में मंडल प्रभारियों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। मंडल प्रभारी बूथ और सेक्टर से समन्वय बनाकर काम करें।
कार्यकर्ताओं की उपेक्षा, अपमान बर्दाश्त नहीं होगा
मिशन-2022 की तैयारी पर निकले प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। कहा कि मंडल स्तरीय संगठन की उपेक्षा या अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी ऐसा करेंगे, उन्हें हटना पड़ेगा। पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को भी संयम बरतना होगा। उचित पैरवी करनी होगी। ऐसी कोई पैरवी नहीं की जानी चाहिए, जिससे संगठन या पार्टी की छवि खराब हो जाए।
हर मंडल में बनाने होंगे दो हजार मतदाता
प्रदेश अध्यक्ष ने मतदाता सूची को दुरुस्त कराने और नए मतदाता बनाने का लक्ष्य बढ़ा दिया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 13 दिसंबर को मतदाता बनाने का विशेष अभियान चलेगा। हर पदाधिकारी को बूथ पर रहना है। हर मंडल में दो हजार मतदाता बनाए जाने हैं। अभी तक हर विधानसभा क्षेत्र में पांच हजार मतदाता बनाने का लक्ष्य रखा गया था। अब मंडल स्तर पर मतदाता बढ़ाने हैं। मतदाता सूची से फर्जी नाम कटवाने को भी प्राथमिकता देनी है। यह काम तभी संभव होगा, जब मंडल प्रभारी सक्रिय रहेंगे।
पंचायत चुनाव में सांसद-विधायकों के परिजनों को तवज्जो नहीं
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत चुनाव मजबूती से लड़ा जाएगा। मंडल की टीम जिस नाम पर सहमति बनाएगी, वही पंचायत चुनाव लड़ेगा। सांसद और विधायक के परिजनों के नाम को तवज्जो न दें। भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता को ठेकेदार या करोड़पति नहीं बनना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आगे बढ़ाना है। भाजपा की मजबूती से ही देश बचेगा। हर कार्यकर्ता रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा दें। स्वच्छता, रक्तदान से निष्ठावान कार्यकर्ता बनते हैं।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने की। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने गोरखपुर क्षेत्र में संगठनात्मक कामकाज की जानकारी दी। कोरोना संकट काल में भाजपा कार्यकर्ताओं के योगदान की तारीफ की है। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने किया। इस मौके पर कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, विश्व जितांशू सिंह आशु, महामंत्री प्रदीप शुक्ला, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, देवेश श्रीवास्तव, अच्युतानन्द शाही, इंद्रमणि उपाध्याय, रमेश गुप्ता, संतराज यादव, राकेश सिंह पहलवान, पूर्व मेयर डॉ. सत्या पांडेय, शशिकांत सिंह, ब्रजेश कुमार मिश्र, पद्मा गुप्ता, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन, सह मीडिया प्रभारी विनय सिंह आदि मौजूद रहे।
बूथ स्तरीय संगठन के कामकाज की समीक्षा की
विपक्ष का भारत बंद नाकाम : स्वतंत्र देव सिंह
संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा करने गोरखपुर आए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश का किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। इसी का नतीजा रहा कि विरोधी दलों का भारत बंद करने का प्रयास नाकाम हो गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने क्षेत्रीय कार्यालय में बुधवार की देरशाम पत्रकारों से बात की और कहा कि मोदी सरकार ने किसान सम्मान निधि समेत किसान हित के तमाम निर्णय लिए हैं। इसमें से नया कृषि बिल भी एक है। देश का किसान भलीभांति जानता है कि उनके असली हितैषी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही हैं।
कांग्रेस समेत जितने दल किसानों को बरगलाने का काम कर रहे हैं, उन्होंने सरकार में रहते हमेशा किसानों के साथ धोखा किया है। भाजपा सरकार किसानों की बेहतरी की हर संभव कोशिश में लगी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यूपी में कानून का राज है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है।
हवाई सेवा बाधित, राधामोहन सिंह को करना पड़ा इंतजार
घने कोहरे की वजह से बुधवार को गोरखपुर एयरपोर्ट की हवाई सेवा बाधित रही। इस कारण भाजपा के प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह को एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जिस फ्लाइट से आए, वह भी विलंबित रही। हवाई सेवा में बाधा की वजह से एयरपोर्ट पर प्रदेश प्रभारी व प्रदेश अध्यक्ष की मुलाकात भी हो गई।