जानिए किन मरीजों की होगी टीबी और एचआईवी जांच, 'दस्तक' में ढूंढे जाएंगे इस बीमारी के मरीज
गोरखपुर जिले में 16 जुलाई से शुरू होने वाले दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर कालाजार के सक्रिय मरीज ढूंढेंगी। कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कालाजार के एक्टिव केस डिटेक्शन (एसीडी) अभियान के जरिए जो भी मरीज ढूंढे जाएंगे, उनकी कालाजार की आरके-39 जांच के अलावा अनिवार्य तौर पर टीबी और एचआईवी जांच होगी।
सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके सभी प्रशिक्षु अपने-अपने सीएचसी-पीएचसी से जुड़ी आशा कार्यकर्ता को कालाजार के संबंध में जानकारी करेंगे और उन्हें कोविड काल में एसीडी को सफल बनाने के तरीके बताएंगे। राज्य स्तर पर वेक्टर बार्न कार्यक्रम के एडी डॉ. वीपी सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान जो निर्देश दिए हैं उसका पालन भी करवाया जाएगा।
प्रशिक्षण में दी अहम जानकारी
प्रशिक्षण में डब्ल्यूएचओ की तरफ से डॉ. तनुज और पाथ संस्था की ओर से डॉ. ज्ञान और डॉ. अर्पित ने जो भी तकनीकी जानकारियां दी है। उनके लाभ आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से समुदाय तक पहुंचाया जाएगा। प्रशिक्षु जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एके पांडेय ने बताया कि कालाजार उन्मूलन में बीमारी की समय से पहचान और अतिशीघ्र इलाज का अहम योगदान होता है।
प्रशिक्षण में यह बताया गया है कि समय से इलाज न मिलने पर 95 फीसदी मामलों में मौत का खतरा रहता है। अगर किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय से बुखार आ रहा हो, पेट में सूजन हो, वजन कम हो रहा हो और भूख में कमी जैसे लक्षण हैं तो वह कालाजार का संभावित मरीज हो सकता है।
कालाजार का प्रमुख लक्षण शरीर में सफेद दाग, चकत्ते और गाठें हैं। सीएमओ ने बताया कि पिपरौली ब्लॉक के भौवापार गांव में वर्ष 2019 में कालाजार का एक मामला सामने आया था। इस साल इस गांव में छिड़काव भी कराया गया है। जिस भी गांव में केस निकलता है वहां साल में दो बार छिड़काव कराया जाता है।
