गोरखपुर में दो लैब टेक्नीशियन समेत मिले 164 कोरोना मरीज, 24 घंटे में पांच संक्रमितों ने गंवाई जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोरखपुर जिले में सोमवार को 24 घंटे में कोरोना के कुल 164 मरीज मिले। पांच मरीजों की मौत भी हुई है। संक्रमितों में नगरीय स्वास्थ्य केंद्र झरना टोला के दो लैब टेक्नीशियन समेत कई स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। इसके बाद से जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 15,277 पहुंच गया है। इनमें 13542 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि मौत का आंकड़ा 246 पहुंच गया है। एक्टिव केस 1489 हैं।
जानकारी के मुताबिक नगरीय स्वास्थ्य केंद्र झरना टोला में काम कर रहे लैब टेक्नीशियनों की अचानक तबीयत बिगड़ी तो केंद्र के सभी स्वास्थ्य कर्मियों की जांच कराई गई। इसमें दो लैब टेक्नीशियनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके अलावा पीएचसी जंगल कौड़िया के दो स्वास्थ्य कर्मी भी संक्रमित मिले हैं। संक्रमितों में बीआरडी मेडिकल कॉलेज और रेलवे अस्पताल के भी दो-दो कर्मी शामिल हैं।
इनके अलावा संक्रमितों में रेल बिहार फेज चार के तीन लोग, धर्मशाला में एक ही परिवार के दो लोग, मोगलहा में एक ही परिवार के दो लोग, फर्टिलाइजर के दो कर्मी, इंदिरानगर में एक ही परिवार के दो लोग, तिवारीपुर में एक ही परिवार के दो लोग, रामजानकी और गंगा नगर में दो परिवार के दो-दो लोग, राप्तीनगर में एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित मिले हैं।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि संक्रमित के परिजनों की जांच कराई जाएगी। साथ ही उनके संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश की जाएगी।
शहरी क्षेत्र में मिले 100 मरीज
शहर की बात करें तो 100 नए मरीज मिले हैं। इनमें शाहपुर थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 33 मरीज शामिल हैं। इनके अलावा गोरखनाथ में 20,कोतवाली नौ, कैंट 17, रामगढ़ताल चार, गुलरिया पांच, चिलुआताल एक, राजघाट दो, तिवारीपुर में नौ मरीज मिले हैं।
चार संक्रमितों की बीआरडी और एक महिला की एंबुलेंस में गई जान
पिछले 24 घंटे में पांच संक्रमितों की मौत हुई है। इनमें चार की मौत की मौत बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुई है। जबकि एक महिला की मौत एबुलेंस में हुई है। मृतकों में बड़हलगंज थाना क्षेत्र के टांडा निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग, मानस विहार कॉलोनी के रहने वाले 78 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। 85 और 73 वर्षीय बुजुर्गों की मौत भी बीआरडी में इलाज के दौरान हुई है। ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली एक 65 वर्षीय महिला की मौत एंबुलेंस में हुई है।