Web Series: फिर सुर्खियों में आई 'आईसी 814', समाचार एजेंसी ने इस वजह से खटखटाया कोर्ट का दरवाजा
वेब सीरीज आईसी 814 लगातार विवादों में घिरी हुई है। अब एक समाचार एजेंसी ने इस शो के मेकर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आइए जानते हैं कि क्या है पूरा मामला?
विस्तार
अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी वेब सीरीज आईसी 814: द कंधार हाईजैक रिलीज के बाद से ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। 1999 में इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट आईसी-814 के अपहरण कहानी बयां करने वाले इस शो में आतंकियों के हिंदू नामों को लेकर हाल ही में काफी ज्यादा विवाद हुआ था। इसके बाद नेटफ्लिक्स ने अस्वीकरण को अपडेट कर दिया था। हालांकि, यह शो एक बार फिर से कानूनी पचड़े में फंसता दिख रहा है।
समाचार एजेंसी ने दायर किया मुकदमा
हाल ही में समाचार एजेंसी एएनआई ने आरोप लगाया है कि निर्माताओं ने बिना अनुमति के इस सीरीज में अभिलेखीय फुटेज का उपयोग किया है। बार और बेंच की एक रिपोर्ट के अनुसार एएनआई ने नेटफ्लिक्स और आईसी 814 के निर्माताओं के खिलाफ मुकदमा दायर किया है।
ये है मांग
समाचार एजेंसी ने चार एपिसोड को हटाने की मांग की है, जिसमें कथित तौर पर उचित लाइसेंस के बिना तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और जनरल परवेज मुशर्रफ सहित प्रमुख हस्तियों के फुटेज शामिल हैं। एएनआई के वकील सिद्धांत कुमार के मुताबिक उनके कॉपीराइट सामग्री और ट्रेडमार्क के अनधिकृत उपयोग के परिणामस्वरूप सीरीज की आलोचनाओं के बीच उनके ब्रांड की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है।
इन सितारों ने किया है वेब सीरीज में काम
इस वेब सीरीज में विजय वर्मा, दीया मिर्जा और नसीरुद्दीन शाह, पंकज कपूर, मनोज पाहवा, पत्रलेखा और अरविंद स्वामी जैसे कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं। 29 अगस्त 2024 को छह एपिसोड वाली यह वेब सीरीज नेटफ्लिक्स पर जारी की गई थी।
Ayushmann Khurrana: 'लॉलीपॉप लागेलू' गाकर छा गए आयुष्मान खुराना, सुर्खियां बटोर रहा वीडियो