Munawar Fauqui: पायल रोहतगी के साथ रिश्ते को लेकर क्या बोले मुनव्वर फारूकी, अश्लील कॉमेडी के आरोप का भी दिया जवाब
मुनव्वर फारूकी पर मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल ने कॉमेडी में अश्लीलता का आरोप लगाया था। जिसके बाद मुनव्वर फारूकी इंस्टाग्राम पर लाइव आए और करीब एक घंटे तक उन्होंने उसपर खुलकर बात की।
विस्तार
कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी वैसे तो अपनी कॉमेडी के लिए मशहूर ही थे अब वह धाकड़ गर्ल कंगना रणौत के शो लॉकअप के विजेता भी बन चुके हैं। ऐसे में उनकी फैन फॉलोइंग बढ़ती ही जा रही है। मुनव्वर फारूकी पर मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल ने कॉमेडी में अश्लीलता का आरोप लगाया था। जिसके बाद मुनव्वर फारूकी इंस्टाग्राम पर लाइव आए और करीब एक घंटे तक उन्होंने उसपर खुलकर बात की। लाइव के दौरान मुनव्वर के साथ करीब 1.4 लाख से ज्यादा लोग जुड़े। इस दौरान उन्होंने फैंस के सवालों का भी जवाब दिया।
सुनील पाल के आरोप पर मुनव्वर फारूकी ने क्या कहा
दरअसल लॉकअप के प्रीमियर के दिन कॉमेडियन सुनील पाल को भी शो में बुलाया गया था। इस दौरान उन्होंने मुनव्वर पर अश्लील जोक्स कहने का आरोप लगाया और बातों-बातों में उन्हें 'आतंकी' तक कह दिया था। सुनील पाल की इस बात का जवाब देते हुए मुनव्वर ने कहा- सुनील पाल भाई तो चालू हो गए थे...क्या भड़के हुए थे मेरे पे...मैंने बोला, सुनील भाई मैंने तुम्हारा क्या बिगाड़ा है यार। मुनव्वर ने कहा- आपको अपनी प्रतिक्रिया देने का अधिकार है, लेकिन कृपया ये मत कहिए कि कॉमेडी मेरी वजह से खतरे में है। आपका अलग तरीका है और मेरा अलग। हम सब मिलकर कॉमेडी को बचा सकते हैं।
View this post on Instagram
पायल रोहतगी के साथ रिश्ते को लेकर क्या बोले
लाइव सेशन के दौरान एक फैन ने मुनव्वर और पायल रोहतगी के रिश्ते को लेकर सवाल किया। उनसे पूछा कि क्या वह भविष्य में पायल के साथ किसी म्यूजिक वीडियो में नजर आ सकते हैं। जवाब में मुनव्वर ने कहा- ये तो गाने पर निर्भर करता है, लोग हमें कपल के रूप में नहीं देख सकते। लेकिन निश्चित तौर पर मैं उनके साथ काम करना चाहता हूं, क्योंकि वह बहुत मेहनती हैं और हर टास्क में अपना सौ प्रतिशत देने की कोशिश करती हैं।
बिग बॉस में जा सकते हैं?
मुनव्वर फारूकी ने बिग बॉस में जाने को लेकर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा- मैंने अभी-अभी 72 दिन रियलिटी शो में आइसोलेशन में बिताए हैं, लेकिन अभी मुझे भविष्य का पता नहीं है। अगर अभी इस बारे में मुझसे पूछा जा रहा है तो इसके लिए मेरी न है। बता दें कि लॉकअप शो मुनव्वर फारूकी ने जीता था। इसके लिए उन्हें 20 लाख का नकद पुरस्कार और एक कार भी मिली। जबकि पायल फर्स्ट रनरअप और अंजलि सेकेंड रनरअप रहीं।