Cannes Film Festival: उर्फी जावेद ने बताई कान के रेड कार्पेट की सच्चाई, बोलीं- 'यहां चलना कोई उपलब्धि नहीं'
78th Cannes Film Festival: उर्फी जावेद कान फिल्म फेस्टिवल में शिरकत नहीं कर रही हैं। पहले वे कान में जाने वाली थीं, मगर उनका वीजा रिजेक्ट हो गया, जिसके कारण नहीं हिस्सा ले पाईं। हाल ही में उर्फी ने कहा कि कान के रेड कार्पेट पर चलना कोई बड़ी उपबल्धि नहीं है।
विस्तार
78वां कान फिल्म फेस्टिवल चल रहा है। 13 मई से शुरू हुआ यह फेस्टिवल 24 मई तक चलेगा। यहां दुनियाभर की फिल्मों का प्रीमियर होता है तो सिने जगत की चर्चित हस्तियां रेड कार्पेट पर जलवा बिखेरती हैं। इस साल उर्वशी रौतेला, नितांशी गोयल जैसी अभिनेत्रियों ने कान में हिस्सा लिया है। उर्फी जावेद भी कान फिल्म फेस्टिवल में जाने वाली थीं, लेकिन उनका वीजा रिजेक्ट हो जाने के कारण वे हिस्सा नहीं ले पाईं। हाल ही में उन्होंने कान के रेड कार्पेट पर चलने के लिए टिकट खरीदारी के बारे में बात की।
कान में जाना काबिलियत पर आधारित नहीं
उर्फी जावेद ने कान फिल्म फेस्टिवल से जुड़ी एक सच्चाई बताई है। उन्होंने कहा कि कान जाने का अवसर आपकी काबिलियत पर आधारित नहीं है। ब्रांड्स रेड कार्पेट के लिए टिकट खरीदते हैं और उन्हें अपने ब्रांड का प्रतिनिधित्व करने के लिए दिग्गज फिल्मी हस्तियों/ इन्फ्लुएंसर्स को देते हैं। उर्फी ने आगे कहा कि कोई निजी तौर पर भी टिकट खरीद सकता है।
फिल्म का प्रीमियर बड़ी उपलब्धि
उर्फी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसे लेकर नोट लिखा है। उन्होंने आगे लिखा, 'निजी तौर पर भी कान के रेड कार्पेट पर चलने के लिए टिकट खरीदे जा सकते हैं। कान के रेड कार्पेट पर चलना कोई उपलब्धि नहीं है, मेरे लिए भी नहीं। यह खुद के प्रमोशन का एक अवसर है। यही सच्चाई है, जो मैंने यहां बताई। जब तक कि आपकी फिल्म का प्रीमियर इस फेस्टिवल में नहीं हो रहा हो यह कोई उपलब्धि नहीं। हां, फिल्म का यहां प्रीमियर होना उपलब्धि है। रेड कार्पेट पर चलने के लिए आप टिकट खरीद सकते हैं अगर आपके पास पैसा है। इसके अलावा ब्रांड्स भी आपको स्पॉन्सर कर सकते हैं।
उर्फी को मिला था मौका, लेकिन...
बीते दिनों उर्फी जावेद ने खुलासा किया कि वे कान 2025 में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘मुझे इंडे वाइल्ड के जरिए कान जाने का मौका भी मिला था (दीपा खोसला और क्षितिज कांकरिया को बहुत-बहुत धन्यवाद) लेकिन जैसा मेरी किस्मत में लिखा था, मेरा वीजा रिजेक्ट हो गया। मैं कुछ मजेदार आउटफिट आइडिया पर काम कर रही थी, लेकिन वीजा रिजेक्ट होने के बाद मैं और मेरी टीम बेहद निराश हो गई है।’