Tripti Dimri: चुनौतीपूर्ण किरदार निभाना चाहती हैं तृप्ति, ‘धड़क 2’ को बताया बेहद खास फिल्म
Tripti Dimri On Dhadak 2: ‘धड़क 2’ का ट्रेलर लॉन्च होते ही चर्चाओं में आ गया है। अब फिल्म को लेकर एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी ने बात की है। जानिए उन्होंने अपने किरदार को लेकर क्या बताया।
विस्तार
तृप्ति डिमरी की आगामी फिल्म ‘धड़क 2’ का आज ट्रेलर रिलीज किया गया है। इस ट्रेलर को लोगों का मिला-जुला रिस्पॉन्म मिला। ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान फिल्म की कास्ट नजर आई। इस दौरान अभिनेत्री तृप्ति डिमरी ने फिल्म के अपने अनुभवों को साझा किया। साथ ही निर्देशक शाजिया इकबाल के साथ उनका कैसा अनुभव रहा इसे भी बताया।
खास तरह के किरदार करने की थी इच्छा
ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान तृप्ति ने कहा कि वो अपने करियर में ऐसे किरदार चुनना चाहती हैं, जो चुनौतीपूर्ण हों। इस दौरान एक्ट्रेस ने कहा, जब मैंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी, तो मेरी ख्वाहिश थी कि मैं कुछ खास तरह की फिल्मों का हिस्सा बनूं और मैं उन फिल्मों का हिस्सा रही हूं।
‘धड़क 2’ पर हमें गर्व है
आगे फिल्म के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि ‘धड़क 2’ कोई आम कहानी नहीं है, बल्कि यह बेहद खास है। इस किरदार को निभाना काफी चुनौतीपूर्ण था। मैं हमेशा से ऐसे किरदार निभाना चाहती थी जो मुझे एक अभिनेत्री के रूप में चुनौती दे सकें, इसलिए अभिनय का रोमांच जारी है। मुझे लगता है कि 'धड़क 2' में यह जायज था। हमें इस फिल्म पर काफी गर्व है और दर्शकों को यह बात सिनेमाघरों में देखने के बाद पता चलेगी।
पहचान और प्यार में डूबे जुनून की कहानी है ‘धड़क 2’
‘धड़क 2’ में तृप्ति के साथ सिद्धांत चतुर्वेदी प्रमुख भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म की कहानी प्यार और जुनून की है। जिसमें दो अलग-अलग जाति से आने वाले लड़का-लड़की एक-दूसरे के प्यार में पड़ जाते हैं। यह पहचान, पॉवर और अलग-अलग उतार-चढ़ाव की कहानी है। यह फिल्म उत्पीड़ित जातियों के लोगों के साथ भेदभाव के विषय को भी छूती है। यह 'धड़क' फ्रैंचाइज़ी की दूसरी किस्त है।
यह खबर भी पढ़ेंः Dhadak 2 Trailer: दो प्यार करने वालों की परिवार से ही होगी जंग, 'धड़क 2' के ट्रेलर में दिखा इश्क में जुनून
1 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म
शाजिया इकबाल द्वारा निर्देशित और करण जौहर, उमेश कुमार बंसल, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, मीनू अरोड़ा, सोमेन मिश्रा और प्रगति देशमुख द्वारा निर्मित, 'धड़क 2' 1 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।