टॉम-जेंडाया का रिश्ता: कपल की शादी में नया ट्विस्ट; एमी अवॉर्ड्स में स्टाइलिस्ट ने किया चौंकाने वाला खुलासा
Tom Holland-Zendaya Wedding: हॉलीवुड के चर्चित कपल टॉम हॉलैंड और जेंडाया की शादी को लेकर उनके स्टाइलिस्ट ने नया खुलासा किया है। दावा किया है कि दोनों ने अभी आधिकारिक तौर पर शादी नहीं की है।
विस्तार
टॉम हॉलैंड और जेंडाया की शादी की मिस्ट्री में एक नया ट्विस्ट आया है। महीनों से यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि स्पाइडर-मैन स्टार्स ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। मगर, जेंडाया के स्टाइलिस्ट और करीबी दोस्त लॉ रोच का कहना है कि कपल अभी आधिकारिक रूप से शादीशुदा नहीं है। रोच की यह सफाई तब आई है, जब कुछ महीने पहले खुद उन्होंने ही दावा किया था कि टॉम-जेंडाया ने शादी कर ली है।
अपने ही बयान से पलट गए जेंडाया के स्टाइलिस्ट
हाल ही में टॉम और जेंडाया एमी अवार्ड्स 2026 में शामिल हुए। इस दौरान उनके स्टाइलिस्ट लॉ रोच भी पहुंचे और उन्होंने यह चौंकाने वाला खुलासा किया। वे कपल की शादी के स्टेटस के बारे में अपनी पहले की कही गई बातों से पीछे हटते नजर आए। टॉम हॉलैंड और जेंडाया को लेकर उन्होंने कहा, 'उनकी आधिकारिक तौर पर शादी नहीं हुई है'।
बोले- 'मैंने झूठ बोला था'
बता दें कि मार्च में लॉ रोच ने ही इस कपल की शादी की बात कही थी। अब एमी अवार्ड्स 2026 के रेड कार्पेट पर लॉ रोच ने मार्च में दिए अपने बयान को वापस लेते हुए कहा कि उन्होंने झूठ बोला था और उस समय जेंडाया शादीशुदा नहीं थीं।
'वैरायटी' की रिपोर्ट के मुताबिक, रोच ने कहा, 'मैंने झूठ बोला था। उनकी शादी नहीं हुई है। दरअसल, अभी तक उनकी कोई ऑफिशियल सेरेमनी नहीं हुई है'। उन्होंने यह नहीं बताया कि कपल ने कानूनी तौर पर शादी कब की। इसके बाद रोच ने बताया कि शादी आखिरकार कब हो सकती है। स्टाइलिस्ट ने कहा, 'यह 'ड्यून' प्रेस टूर के बाद होगी'। जेंडाया को लेकर उन्होंने कहा, 'वह काफी समय से उनकी पत्नी की तरह ही रह रही हैं, लेकिन अभी तक यह ऑफिशियल नहीं हुआ है'।
शादी की तस्वीरों को बताया फर्जी
स्टाइलिस्ट ने ऑनलाइन वायरल हो रही कपल की शादी की तस्वीरों को भी खारिज कर दिया और कहा कि वे फेक हैं। एआई से बनाई गई हैं। इन तस्वीरों से ऐसी अटकलें लगने लगी थीं कि हॉलैंड और जेंडाया ने चुपचाप शादी कर ली है।
बता दें कि स्टाइलिस्ट रोच ने हाल ही में अपने पुराने बयान पर जो सफाई पेश की है, उससे नया ट्विस्ट आ गया है। खासकर इसलिए क्योंकि हॉलैंड ने खुद कई बार आधिकारिक इंटरव्यू में जेंडाया को अपनी 'पत्नी' कहा है। एक्टर के इस तरह से शब्द का इस्तेमाल करने से अटकलें और तेज हो गई हैं कि उनके शादीशुदा स्टेटस के बारे में कुछ ऐसा हो सकता है, जो उन्होंने सार्वजनिक रूप से नहीं बताया है।
कब हुई थी टॉम-जेंडाया की सगाई?
वर्षों तक अपने रोमांटिक रिलेशन को सीक्रेट रखने वाले हॉलैंड और जेंडाया ने साल 2024 के आखिर में सगाई की थी। तब से फैंस उनकी हर पब्लिक अपीयरेंस पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं। वे यह जानने के लिए उत्साहित हैं कि सगाई के बाद इनका रिश्ता कितना आगे बढ़ा है। क्या शादी हुई है या नहीं? देखना दिलचस्प होगा कि स्टाइलिस्ट के हालिया बयान पर अब जेंडाया और टॉम क्या कहते हैं!