बदला लेने के लिए फिर लौट रही है 'नागिन', खेलेगी भाग्य का जहरीला खेल
एकता कपूर का बहुप्रतीक्षित शो नागिन अपने नए अवतार में फिर से वापिस आ रहा है। इसमें बालाजी प्रोडक्शन के अलावा सबकुछ नया है। शो की कहानी बदले की भावना पर आधारित है। नागिन को वह पाने की तमन्ना है जो उससे छीन लिया गया है।शो को नया सह-शीर्षक 'भाग्य का जहरीला खेल' भी दिया गया है। चौथे सीजन की कहानी दो किरदार ब्रिन्दा और नयनतारा के आसपास घूमती है। ये दोनों एक साथ अपने बीते हुए डरावने कल के साथ रहती हैं, जो इनके भविष्य पर भी असर डालता है।
शो के प्रोमो लॉन्च के लिए मुंबई में एक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शो के सभी मुख्य कलाकारों ने शिरकत की। शो में नयनतारा का किरदार निभा रही अभिनेत्री जैस्मिन भसीन ने अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहा, 'वह बहुत खूबसूरत और साहसी लड़की है। वह अपने परिवार को खो देने के बाद अंदर से टूट जाती है। उसकी इस हालत का जिम्मेदार पारेख परिवार है, जिनसे वह बदला लेती है।'
पारेख परिवार द्वारा किए अत्याचारों के बारे में बताते हुए शो में देव पारेख का किरदार निभा रहे कलाकार विज्येंद्र कुमेरिया अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहते हैं, 'मैं एक व्यवसायी परिवार से ताल्लुक रखता हूं और बहुत लम्बे समय से कतर में रहता हूं। दरअसल देव की मां नहीं चाहती कि वह यहां रहे, क्योंकि उसकी कुंडली में दोष है। लेकिन जब वह बड़ा होता है तो वह ये सब बातों पर यकीन नहीं करता और वापस आने की जिद करता है।'
शो में एक और मुख्य किरदार निभा रही अभिनेत्री शायंतनी घोष ने अपने किरदार के बारे में बताते हुए कहा, 'मेरे किरदार का नाम मान्यता है। 'नागिन: भाग्य का जहरीला खेल' की कहानी मान्यता की जिंदगी से ही शुरू होती है। उनका भाग्य उसके साथ कुछ ऐसे काम कर देता है जिससे वह गुनहगारों से बदला लेने की ठान लेती है। इसके लिए वह अपनी बेटी को तैयार करती है। मान्यता और उसकी बेटी कठिनाई को पार करते हुए कैसे अपने मुकाम पर पहुंचती है? यही कहानी है।'
बात करें अगर कलाकारों की तो धारावाहिक के सभी कलाकार टीवी के चर्चित चेहरे हैं, लेकिन पिछले किसी भी सीजन से ताल्लुक नहीं रखते। इनमें निया शर्मा, जैस्मिन भसीन, शायंतनी घोष और विज्येंद्र कुमेरिया मुख्य भूमिका में हैं।